विधानसभा के मानसून सत्र में होगा सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पूरी तरह से पालन : डॉ. महंत
रायपुर | छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत आज अपराह्न विधानसभा परिसर पहुँचे। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. महंत ने विधानसभा परिसर में सदन का निरीक्षण किया और सदन की आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया।
READ : महापौर देवेन्द्र यादव भी आये कोरोना की चपेट में, ट्विट कर दी जानकारी
डॉ. महंत ने देश एवं प्रदेश में कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए विधानसभा के आगामी मानसून सत्र में जो कि 25 अगस्त से 28 अगस्त तक आहूत किया गया है, में सदन एवं विधानसभा परिसर में सोशल डिस्टेंसिंग एवं केन्द्र तथा राज्य सरकार द्वारा कोरोना काल के निर्धारित प्रोटोकाल का पूर्णत: पालन करने एवं तद्नुसार आवश्यक व्यवस्थाएँ करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये।
डॉ. महंत ने कहा कि- वर्तमान समय में कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए जो भी आवश्यक सावधानी हो उसका भी पूर्णत: पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सत्र अवधि में सदन एवं परिसर को प्रतिदिन सैनेटाइज किया जाये।
इस अवसर पर विधानसभा के प्रमुख सचिव चन्द्र शेखर गंगराड़े एवं लोक निर्माण विभाग, सिविल तथा विद्युत/यांत्रिकी के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।




