राजधानी में चोरी करते रंगे हाथों पकड़ाया चोर, भागने के चक्कर में आरक्षक को काटा
रायपुर। सिविल लाइन में कल रात चोरी की नियत से घर में घुसे चोर को घरवालों ने रंगे हाथों पकड़ लिया गया। पकड़े जाने पर आरोपी भागने लगा, और सीढ़ी से गिरकर घायल हो गया। सूचना मिलने पर जब पुलिस आई तो आरोपी ने भागने की नियत से आरक्षक से धक्का-मुक्की कर उसके पेट में काट लिया।
सिविल लाईन थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए विस्तार पूर्वक बताया कि आरोपी दीपक टण्डन (पिता दिलहरण टण्डन 30 वर्ष) चोरी की नियत से कल रात विनोवाभावे नगर पानी टंकी पास, सिविल लाईन निवासी प्रार्थी ओम प्रकाश शर्मा के पडोसी की छत से होते हुए उनके घर में प्रवेश किया। प्रार्थी के घर मे प्रवेश कर आलमारी से जेवर चोरी करने का प्रयास कर रहा था कि घरवालों को इसकी भनक लग गई। पकड लेने पर आरोपी ने भागने का प्रयास किया और गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने लगा। इसी दौरान भागते समय सीढी से गिर जाने से आरोपी घायल हो गया। उसे पकड कर बैठाया गया हुए पुलिस को घटना की सूचना दी गई। मामले की तफ्तीश करने आए सउनि ओंकारनाथ त्रिपाठी से आरोपी ने धक्का-मुक्की करते हुए दांत से सउनि के पेट को काट लिया। आरोपी दीपक टंडन पर सिविल लाइन थाने में भादवि: 457, 380, 511, 294, 506, 186, 353 के तहत अपराध दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।




