इस शख्स ने पाल रखी है हजारों चींटियां, अब पड़ोसियों ने थाने में की शिकायत, जानें क्या है पूरा मामला
रायपुर। राजधानी में एक शख्स अपने अनोखे शौक के कारण चर्चा में आ गया है। शख्स के इस शौक के कारण पड़ोसियों को भी अब परेशानी होने लगी है। दरअसल, इस शख्स ने चींटियों को पाल रखा है। ये चीटियां अब पड़ोसियों के घरों में घुस रही हैं। कंस्ट्रक्शन का काम करने वाले मजदूरों को काट रही हैं। जिससे तंग आकर पड़ोस में रहने वाली महिला ने थाने में इसकी शिकायत की हैं।

मामला रायपुर के राजा तालाब इलाके का है। यहां रहने वाली जाहिदा बेगम ने पुलिस में शिकायत की है कि, उसके पड़ोसी जुम्मन खान ने चींटियां पाल रखी हैं। जुम्मन ने घर के पास एक सिमेंटेड पॉट बना दिया है। इसमें चींटियां मंडराती रहती हैं। जाहिदा का दावा है कि उन्होंने कई बार चींटियों को हटाने का प्रयास किया। मगर अक्सर जुम्मन उन्हें धमकाया करता था, सियासी लोगों से पहचान बताकर रौब जमाया करता था। विवाद तब बढ़ गया जब जाहिदा और उनके साथ रहने वाली अन्य महिला ने मकान में रिनोवेशन करवाया। ये चींटियां मजदूरों को काटती हैं, ऐसे में मजदूर काम छोड़कर भाग गए। जुम्मन ने जब इसके बाद भी चींटियों को हटाया नहीं तो मामला थाने जा पहुंचा।
दरअसल, पड़ोसी जुम्मन खान को विश्वास है कि चींटियों को पालने व शक्कर खिलाने से पाप धुलते हैं। चींटियों को पालना उसका शौक भी बन गया है। उसने गली में अपने घर से चार कदम दूर एक किनारे पर दो सीमेंट व ईंट का छोटा सा टैंक बना रखा है। उसमें शक्कर डालकर रखता है।




