डोलोमाइट का अवैध परिवहन करते दो ट्रेक्टर एक हाइवा पकड़ाए, क्रेशर सील
रायगढ़ । कलेक्टर भीमसिंह के निर्देश पर माइनिंग विभाग की तबतोड़ कार्रवाई जारी है। सारंगढ़ ब्लॉक के कटंगपाली क्षेत्र में संचालित नव दुर्गा क्रेशर में माइनिंग विभाग की टीम ने गुरुवार को छापेमार कार्रवाई की। जहां अनियमितता को लेकर क्रेशर सील कर दिया गया। ऐसे में अन्य संचालित क्रेशरों में हड़कंप मचा हुआ है। छापेमार कार्रवाई के दौरान टीम ने शुभ मिनरल के खदान से बिना रॉयल्टी पर्ची डोलोमाइट का परिवहन करते दो ट्रेक्टर और एक हाइवा भी जप्त किया। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व कलेक्टर भीमसिंह के निर्देशन में शुभ मिनरल को सील किया गया था। बावजूद शुभ मिनरल के द्वारा नियम कायदों को ताक पर रख खदान का संचालन किया जा रहा था। वहीं सूत्रों के मुताबिक बैठक में माइनिंग अधिकारी की टीम को चढ़ावा चढ़ाने की बात सामने आ रही है ताकि कार्रवाई का सिलसिला थम जाए। इस सम्बंध में माइनिंग निरीक्षक राकेश वर्मा ने बताया कि कलेक्टर भीमसिंह के आदेश पर यहां निरीक्षण किया गया, जांच करने पर पता चला कि क्रेशर में करीब 4500 सौ टन खनिज का भंडारण संचालक द्वारा करके रखा गया है। जिसके सम्बन्ध में इन्हें जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है, साथ ही क्रेशर में और भी अनियमितता पाई गई है। जिसमे जल का छिड़काव नहीं होना मिला है। जिसके लिए नोटिस दिया जा रहा है। बताया कि क्षेत्र में दौरा करते समय शुभ मिनरल के खदान से बिना रॉयल्टी पर्ची के डोलोमाइट परिवहन करते दो ट्रैक्टर और एक हाइवा पर कार्रवाई की गई है।




