विचाराधीन कैदी की इलाज के दौरान मौत, पोस्टमार्टम से होगा मौत के कारणों का खुलासा
रायगढ़। अवैध शराब प्रकरण में 3 दिन पहले जिला जेल पहुंचे विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। वहीं पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
घटना की विवेचना कर रहे सहायक उपनिरीक्षक उमाशंकर जायसवाल के अनुसार घरघोड़ा थानांतर्गत ग्राम भालूमार में रहने वाले नीलमणि यादव पिता सोहन लाल (27 वर्ष) को पुलिस ने अवैध शराब के मामले में आबकारी एक्ट का केस दर्ज किया था। वहीं न्यायालय में पेश करने के बाद नीलमणि को पुलिस ने विगत 8 जून को जिला जेल में दाखिल किया था।
जिला जेल की चहारदीवारी में निरुद्ध नीलमणि की तबियत शुक्रवार को अचानक इस कदर बिगड़ी कि हालत बिगड़ने पर उसे जेलकर्मियों ने जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। परन्तु डॉक्टर्स की तमाम कोशिशों के बावजूद शाम तकरीबन सवा 6 बजे विचाराधीन बंदी की सांसों की डोर आखिरकार टूटकर बिखर गई। आबकारी एक्ट के आरोपी की उपचार के दौरान मौत कैसे हुई, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। माना जा रहा है कि पेट दर्द की वजह से उसकी जान गई होगी।




