शासकीय दूधाधारी बजरंग महिला महाविद्यालय के गृह विज्ञान विभाग में वैल्यू ऐडेड कोर्स की शुरुआत की गई
गृह विज्ञान विभाग में नींबू, मिक्स वेज अचार, शरबत एवं आंवले के मुरब्बे से महका मूल्य वर्धक पाठ्यक्रम।
रायपुर : शासकीय दूधाधारी बजरंग महिला महाविद्यालय के गृह विज्ञान विभाग में वैल्यू ऐडेड कोर्स की शुरुआत प्राचार्य डॉ. किरण गजपाल के मार्गदर्शन में की गई।
इस हेतु गृह विज्ञान विभाग द्वारा शाक एवं फल के परिरक्षण की कक्षाएं शुरू की गई है। इन कक्षाओं के आयोजन हेतु छत्तीसगढ़ शासन के सेवानिवृत्त फल एवं शाक प्रशिक्षक परदेशी महानंद को आमंत्रित किया गया है जिन्हे इस क्षेत्र में 40 वर्षों का अनुभव है। वैल्यू ऐडेड कोर्स की सैद्धांतिक कक्षाएं दिनांक 15 नवंबर 2022 से 7 दिसंबर 2022 तक चलेंगी।
दिनांक 25 नवंबर 2022 को परदेसी महानंद द्वारा छात्राओं को नींबू का अचार, मिक्स वेज अचार, लेमन स्क्वैश, आंवले का मुरब्बा इत्यादि बनाना सिखाया गया। महानंद द्वारा छात्राओं को अत्यंत विस्तार पूर्वक सारी विधियों की वैज्ञानिक जानकारी दी जा रही है जिससे वह परिरक्षण की प्रक्रिया स्वयं संपन्न कर अपने परिवार में आवश्यक वस्तुएं बना सकती हैं एवं इसे भविष्य में अपने व्यवसाय के रूप में भी अपना कर आत्मनिर्भरता की दिशा में अपना पहला कदम ले सकती हैं जो कि हमारी राष्ट्रीय शिक्षा नीति का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
उक्त कार्यक्रम का संचालन गृह विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. रश्मि मिंज एवं डॉ. नंदा गुरुवारा के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में 56 छात्राओं ने अपना पंजीयन करवाया है एवं छात्राओं के उत्साह को देखते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन विभाग द्वारा किये जाते रहेंगे।




