मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के संदेश को सार्थक करने दिन-रात मेहनत कर रहे विकास उपाध्याय
रायपुर। संसदीय सचिव एवं विधायक विकास उपाध्याय ने आज गुढिय़ारी क्षेत्र में सघन जागरूकता अभियान चलाते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के संदेश-मेरा बूथ कोरोना मुक्त अभियान को सफल करने सुबह 6 बजे से ही सक्रिय हो गए थे। वैक्सीन लगवाना है, कोरोना को हराना है, जैसे नारों के साथ श्री उपाध्याय आज सुबह नेताजी कन्हैयालाल बजारी वार्ड क्रमांक 15 पहुंचे और अभियान की शुरूआत की।
गुढिय़ारी इलाके के श्रीनगर से जागरूकता अभियान की शुरुआत करते हुए श्री उपाध्याय ने क्षेत्र के प्रत्येक गली मोहल्लों में घर-घर जाकर दस्तक दी। उपाध्याय ने मुख्यमंत्री के संदेश-मेरा बूथ कोरोना मुक्त, को सफल बनाने दिन रात मेहनत कर रहे हैं, इसी क्रम में आज उनका यह अभियान सुबह 6: 00 बजे से ही प्रारंभ हो गया था। श्री उपाध्याय ने अपनी पूरी टीम के साथ क्षेत्र में सघन अभियान चलाते हुए लोगों से प्रत्यक्ष मुलाकात की तथा वैक्सीनेशन कराने के लिए प्रेरित किया। श्री उपाध्याय ने आम जनों को संदेश देते हुए तथा प्रेरित करते हुए कहा कि वर्तमान में कोरोना से बचने के लिए मास्क का नियमित उपयोग तथा वैक्सीन लगवाना ही सुरक्षा कवच है।
जागरूकता अभियान के दौरान श्री उपाध्याय लोगों को यह भी समझाते रहे कि वैक्सीनेशन कराना ही इस समय प्राथमिकता है, वैक्सीन न लगाने से यह बीमारी मरीज को और गंभीर रूप से बीमार कर सकता है, वहीं यदि टीका लग चुका हो तो यह बीमारी ज्यादा नुकसानदायक नहीं होगा। उन्होंने ऐसे सभी लोगों से जिन्होंने टीका लगवा लिया है, अपने आसपास के लोगों को भी टीका लगवाने प्रेरित करने का अनुरोध किया है।
श्री उपाध्याय एक अकेले ऐसे विधायक हैं जो कोरोना के प्रारंभ से लेकर वर्तमान तक इसके खिलाफ मुहिम छेड़े हुए हैं और लगातार जनता के लिए सक्रियता से काम कर रहे हैं। संकटकाल में जनता की हर तरह से मदद करने वाले श्री उपाध्याय इस अभियान को दिन-प्रतिदिन और गति देते जा रहे हैं। सम्भवत: इसी का परिणाम है कि आज पश्चिम विधानसभा के अधिकांश इलाको में कोरोना वैक्सिनेशन को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। श्री उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि जब तक लोगों को टीका नहीं लग जाता तब तक उनका यह अभियान जारी रहेगा।




