मौसम अलर्ट : बदला मौसम का मिजाज़, आज भी हो सकती हैं राजधानी समेत इन जिलों में बारिश......
रायपुर : बसप्ताह भर से राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के दूसरे जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है. प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 37 से 40 डिग्री के आसपास और कुछ जगहों पर 42 डिग्री के आसपास अधिकतम तापमान बना हुआ है. मौसम विभाग की माने तो बदली बारिश और अंधड़ चलने के कारण अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन देखने को नहीं मिल रहा है. रविवार को दुर्ग में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री दर्ज किया गया. जबकि रायपुर में 42.1 डिग्री दर्ज किया गया।
दक्षिण छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा के आसार, अधिकतम तापमान में वृद्धि की संभावना हैं।मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि सोमवार को हवा की दिशा परिवर्तित होकर बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त अपेक्षाकृत ठंडी हवा के आगमन होने की संभावना है. जिसके कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. इसके साथ ही प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है. एक-दो स्थानों पर अंधड़ भी चल सकती है.
आसनी चक्रवात के कारण प्रदेश में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. इसी तरह 10 मई को आसनी चक्रवात के कारण प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है. हवा की गति भी बढऩे की संभावना जताई गई है. इस दौरान दक्षिण छत्तीसगढ़ में बादल छाए रहने के साथ ही उत्तर छत्तीसगढ़ में आंशिक रूप से बादल रह सकते हैं।




