मौसम अलर्ट: तेज हवाओं के साथ रायपुर में हल्की फुहार, जानें क्या रहेगा छत्तीसगढ़ के मौसम का हाल
रायपुर, रविवार की शाम राजधानी के मौसम में बदलाव हुआ। शाम 5 बजे के करीब यहां तेज हवाओं के साथ हल्की फुहार पड़ी। इसके चलते राजधानी के तापमान में रात तक गिरावट होने के संभावना है। वहीं प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में भी एक बार फिर मौसम बदला है। पेंड्रा से लगे अमरकंटक इलाके में शनिवार दोपहर से बारिश हो रही है। वहीं, पेंड्रा जिले के भी कुछ हिस्सों में बारिश हो रही है। बारिश के चलते इलाके में घना कोहरा भी छाया हुआ है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
दूसरी ओर मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ओले गिरने की संभावना है। मौसम विभाग की माने तो पश्चिम विक्षोभ और ऊपरी हवाओं के चक्रवात के असर से प्रदेश में बारिश और ओले गिरने की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग में मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं दक्षिण पूर्वी नमी युक्त हवाओं के कारण ज्यादातर जगहों के तापमान में वृद्धि हुई है।




