मौसम अलर्ट: कुछ घंटों में रायपुर सहित इन 8 जिलों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका
अगर आप छत्तीसगढ़ के निवासी है और मध्य मैदानी और वन क्षेत्रों में रहते हैं तो अगले चार घंटे मौसम से सावधान रहना होगा। मौसम विभाग ने रायपुर सहित मध्य छत्तीसगढ़ के 8 जिलों में भारी बरसात का आरेंज अलर्ट जारी किया है। संभावना जताई जा रही है, कई जिलों में आकाशीय बिजली भी गिर सकती है।
रायपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने शाम 6.15 बजे बरसात का त्वरित पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक राजधानी बिलासपुर, मुंगेली और आसपास के जिलों के ऊपर गहरे बादल छाए हैं। मुंगेली, कबीरधाम और बेमेतरा जिलों में अनेक स्थानों पर भारी बरसात हो सकती है। वहीं, महासमुंद, बलौदा बाजार-भाटापारा, राजनांदगाव, दुर्ग, रायपुर और गरियाबंद में आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। बिलासपुर के ऊपर तेज गरज-चमक दिख रहा है। भारी बरसात की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने इसके लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रशासन के लिए इसका मतलब होता है, किसी आपातकालीन स्थिति के लिए तैयार रहें। खुद को अपडेट रखें और सतर्कता बरतें। मौसम विभाग के मुताबिक इन क्षेत्रों में यह भारी बरसात रात 10.30 से 11 बजे तक हो सकती है। बुधवार को भी उत्तर-पश्चिम छत्तीसगढ़ के आठ जिलों में भारी बरसात की संभावना जताई गई थी। उनमें से कई जिलों में कल बरसात हुई है। आज भी सुबह मध्य और उत्तर-पश्चिम क्षेत्र के कई जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बरसात दर्ज हुई है।
बादलों के साथ बरसात का यह सिस्टम सक्रिय
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून द्रोणिका गंगा नगर, नारनौल, ग्वालियर, सतना, डाल्टनगंज, क्योझरगढ़, बालासोर और उसके बाद दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक स्थित है। एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका पश्चिम राजस्थान से दक्षिण बिहार तक दक्षिण हरियाणा और दक्षिण उत्तर प्रदेश तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा दक्षिण बिहार और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। एक चक्रीय चक्रवाती घेरा विदर्भ और उससे लगे दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर 4.5 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। एक द्रोणिका झारखंड से दक्षिण गुजरात तक छत्तीसगढ़, विदर्भ और उत्तर महाराष्ट्र होते हुए 3.1 किलोमीटर से 4.5 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। इसके प्रभाव से यह माहौल बना हुआ है।
कल के लिए मध्यम बरसात का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने नए सिस्टम की सक्रियता के आधार पर कल के लिए प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की बरसात का पूर्वानुमान लगाया है। कहा जा रहा है, कई जगह गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में बड़ा परिवर्तन होने की संभावना से फिलहाल इंकार किया गया है।




