मौसम अलर्ट: चक्रवाती तूफान का छत्तीसगढ़ में खासा असर दिखेगा, बारिश की संभावना
जगदलपुर: बंगाल की खाड़ी से लगें अंडमान सागर के ऊपर बने एक कम दबाव के क्षेत्र के चलते बन रहे चक्रवात के कारण अगले 12 घंटों में और प्रबल होकर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। ऐसे में बस्तर में इसका खासा असर देखने को मिलेगा। ऐसे में 04 से 06 दिसंबर के बीच बस्तर में आंध्र और ओडिशा तट पर मौसम के खराब होने के चलते हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
चक्रवाती तूफान के असर को देखते हुए वाल्टेयर रेलमंडल ने 53 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इसमें किरंदुल-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस और जगदलपुर से चलने वाली हीराखंड एक्सप्रेस भी शामिल है। रेलमंडल के सीनियर डिवीजनल कमर्शियल मैनेजर एके त्रिपाठी ने बताया कि तीन दिनों में चक्रवात के कारण कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है। वहीं जगदलपुर-राउरकेला के बीच चलने वाली ट्रेन को भी 05 दिसंबर तक बंद रखा जाएगा। झारसुगुड़ा में पैसेंजर यार्ड और गुड्स यार्ड को जोडऩे के साथ ही तीसरी लाइन का काम करने और चक्रधरपुर डिवीजन में सिग्नल के काम के चलते इसको रद्द किया।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक कम दबाव का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी और उससे सटे अंडमान सागर के ऊपर बना है, इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढऩे और दक्षिण-पूर्व और उससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक डिप्रेशन में केंद्रित होने और बाद अगले 12 घंटों के दौरान प्रबल होकर बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों पर एक चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इसके बाद इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढऩे, और प्रबल होकर उत्तर आंध्र प्रदेश-ओडिशा तटों के करीब 04 दिसंबर की सुबह पहुंचने की संभावना है।




