मौसम का मिजाज: राज्य में अनेक स्थानों पर भारी बारिश के आसार
रायपुर। राज्य में आज एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ ही तेज गर्जना व आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। वहीं राज्य में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार बने हुए हैं।
मौसम विभाग के नियमित रिपोर्ट की माने तो मानसूनी पट्टी इस समय सूरतगढ़, पिलानी, धौलपुर, कानपुर, चुरू, हजारीबाग, बांकुरा, दीघा और बंगाल के उत्तरपश्चिमी खाड़ी से दक्षिण पूर्व की ओर से गुजर रही है और समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊंचाई पर स्थित है। इसके अलावा बंगाल की उत्तर-पश्चिमी खाड़ी और उससे सटे गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर कल बना चक्रवाती सिस्टम झारखंड और इसके आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा में 1.5 से 7.6 किमी के बीच स्थित है। इस चक्रवाती सिस्टम् का झुकाव इस समय दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर बना हुआ है। वहीं
दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश और इसके आसपास के इलाकों में कल बना चक्रवाती सिस्टम वर्तमान में दक्षिण उत्तर प्रदेश और इसके आसपास के इलाकों में समुद्र तल से 2.1 किमी ऊपर है। मौसम विभाग ने आने वाले चौबीस घंटों के दौरान राज्य में एक-दो स्थानों पर भयंकर गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने अथवा आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। वहीं राज्य में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के भी आसार बने हुए हैं।




