मौसम का मिजाज: राज्य के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश
रायपुर। राज्य में आगामी चौबीस घंटों के दौरान अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा तथा कहीं-कहीं पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा तेज गरज-चमक के साथ वज्रपात होने की भी संभावना है।
मौसम विभाग के नियमित रिपोर्ट की माने तो इस समय मानसूनी द्रोणिका गंगानगर, नरनौल, ग्वालियर, सीधी, डॉल्टनगंज और दीघा होते हुए दक्षिण पूर्व दिशा की ओर उत्तर बंगाल की खाड़ी तक मध्य समुद्र तल पर स्थित है। विंड शियर जोन 16 उिग्री उत्तर में 3.6 किमी और 5.8 किमी ऊंचाई पर स्थित है। एक चक्रीय चक्रवाती घेरा पूर्वी उत्तरप्रदेश और उसके आसपास 1.5 किमी और 3.1 किमी की ऊंचाई पर स्थित हे। पूर्वी उत्तरप्रदेश से विदर्भ तक एक द्रोणिका 1.5 किमी और 3.1 किमी की ऊंचाई पर स्थित है। इन प्रभावी मौसमी तंत्र को देखते हुए प्रदेश में कल 04 जुलाई को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने और भारी बारिश की संभावना है। इधर मौसम वैज्ञानिकों की माने तो मानसूनी द्रोणिका के पूर्वी छोर बंगाल की खाड़ी में पहुंच जाने के बाद अब प्रदेश में वर्षा की मात्रा में सुधार होने की अति संभावना नजर आ रही है। ज्ञात हो कि अब तक प्रदेश में व्यापक रूप से बारिश हो रही है। लेकिन राजधानी रायपुर शहर में विगत कुछ दिनों से केवल बूंदाबांदी ही हो रही है। इसके चलते रायपुर शहर में उमस और गर्मी से लोग बेहाल हो गए हैं और झमाझम बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। मौसम विभाग ने आने वाले 72 घंटों के लिए राज्य में यलो अलर्ट जारी किया है।




