छत्तीसगढ़ में शराब दुकानें खुलेगी या नहीं 4-5 को होगा फैसला, संशय जारी
रायपुर। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए देशभर में जारी लॉकडाउन-2 की अवधि कल रविवार 03 मई को समाप्त हो रहा है। इसके बाद लॉकडाउन-3 शुरू होगा जो 17 मई तक चलेगा। इस बीच बेसब्री से शराब दुकानें खुलने का इंतजार कर रहे मदिराप्रेमियों के लिए एक-दो दिन में ही फैसला हो जाएगा कि शराब दुकानें खुलेंगी अथवा नहीं।
राज्य के 26 जिले इस समय ग्रीन जोन में हैं, याने इन क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण का एक भी प्रकरण सामने नहीं आया है। लिहाजा इन 26 जिलों में अब काफी रियायत मिलनी तय मानी जा रही है। दूसरी ओर रायपुर और कोरबा जिले क्रमश: रेड और ऑरेंज जोन में हैं, लिहाजा इन दो जिलों में फिलहाल सशर्त दुकानों को खुलने की अनुमति मिली है। ऐसे में एक-डेढ़ माह से बंद शराब दुकानें खुलेगी या नहीं, इसे लेकर संशय जारी है। आबकारी विभाग से जुड़े सूत्रों की माने तो इस बात का निर्णय जल्द ही हो जाएगा कि शराब दुकानों को खोलने की अनुमति दी जाएगी या नहीं। लगातार यह मांग सामने आ रही है कि अब शराब दुकानों को खुलने की अनुमति दी जानी चाहिए। इस बात पर फैसला 4 या 5 मई को हो जाएगा कि शराब दुकानों को खोला जाएगा या नहीं।




