शासकीय कंपनियों के निजीकरण के विषय पर भाजपा नेता मौन क्यों: कांग्रेस
रायपुर। केन्द्र की मोदी सरकार देशसेवा के बजाए प्रापर्टी डीलर की भूमिका निभा रही है। भारत के नवरत्न कंपनियों, मिनी रत्न कंपनियों, हवाई अड्डों, रेलवे, रेलवे स्टेशन के निजीकरण के लिए जनता ने भाजपा के जनप्रतिनिधियों को नहीं चुना है, बल्कि देश सेवा के लिए चुना है।
उक्त बातें पीसीसी प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कही। री ठाकुर ने कहा कि जनता ने सुनील सोनी, रेणुका सिंह, विजय बघेल, संतोष पांडे सहित भाजपा के सांसदों को भारत के नवरत्न कंपनियों, मिनी रत्न कंपनियों, हवाई अड्डा, रेलवे स्टेशन के निजीकरण करने के लिए नहींं चुना है। सरकारी कंपनियों और रेलवे के निजीकरण का विरोध भाजपा के सांसदों को करना चाहिए। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया है कि मोदी सरकार देशसेवा नहीं बल्कि प्रॉपर्टी डीलर की भूमिका निर्वहन कर रही है। सरकारी उपक्रमों को चंद भाजपा समर्थित पूंजीपत्तियों के हाथों में सौंप कर कमीशनखोरी, भ्रष्टाचार करने में लगी हुई है। मोदी वन के गलत नीतियों मनमानी अदूरदर्शिता के चलते देश भारी आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहा है। मोदी सरकार बहुमत के आंकड़ों के अकड़ में जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करना बंद करें। देश की जनता की भावना भारत के नवरत्न कंपनी मिनी रत्न कंपनी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा रेलवे स्टेशन के साथ जुड़ी हुई है। मोदी के गलत नीतियों के साथ भाजपा के मात्र 303 सांसद ही खड़े होंगे लेकिन विरोध में 133 करोड़ जनता खड़ी हुई है। जनता के मौन को कमतर आंकने की गलती मोदी भाजपा सरकार कर रही है। मोदी सरकार एक ओर आम जनता से पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी कर मुनाफाखोरी कर रही है वहीं दूसरी ओर सरकारी कंपनियों को चंद भाजपा समर्थित उद्योगपतियों के हाथों बेच कर कमीशनखोरी कर रही है।




