वर्जिन आईलैंड में काला धन जमा करने वाले पर डॉ.रमन सिंह ने सीएम रहते कार्यवाही क्यों नहीं की: शैलेष नितिन त्रिवेदी
रायपुुर। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेष नितिन त्रिवेदी ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि यदि ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड में काला धन जमा कराने के लिए किसी और व्यक्ति ने उनके पते का दुरुपयोग किया है तो रमन सिंह जी ने मुख्यमंत्री रहते इसकी शिकायत क्यों नहीं की और जांच क्यों नहीं करवाई ?
त्रिवेदी ने डॉ. रमन सिंह पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि, अगर डा. रमन सिंह पहले इसकी शिकायत नहीं कर पाए तो अब समय है वह छत्तीसगढ़ सरकार से इसकी शिकायत करें और कांग्रेस वादा करती है कि सरकार इसकी निष्पक्ष जांच कराएगी और विदेशों में काला धन जमा करने वाले अभिषेक सिंह का पता कराएगी।
रमन सिंह अपने 15 साल के कार्यकाल की हर धांधली हर कमीशन खोरी और हर दलाली के लिए जवाबदेह हैं और उन्हें जनता को जवाब देना चाहिए। रमन सिंह को इस बात का भी जवाब देना चाहिए कि उनके घर के पते पर विदेश में जमा हुआ काला धन अगस्ता हेलीकॉप्टर के घोटाले और दलाली से कमाया हुआ तो पैसा नहीं था। जब तक सच सामने नहीं आता तब तक छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से कांग्रेस सवाल पूछती रहेगी कि छत्तीसगढ़ का नवाज शरीफ कौन है?




