चरित्र शंका के चलते पत्नी को लगाई आग, 50 प्रतिशत झुलसी पत्नी , पढ़े पूरी खबर
दुर्ग : चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी को आग के हवाले कर उसकी हत्या करने का प्रयास करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सुपेला टीआई सुरेश ध्रुव ने बताया कि फरीदनगर निवासी साजिद खान गुरुवार दोपहर अपने घर पहुंचा और पत्नी पर चरित्र शंका का आरोप लगाते हुए झगड़ा करने लगा। उसकी पत्नी नाजनीन निशा (32) ने उसे काफी समझाया, लेकिन वह नहीं माना।
इससे दोनों के बीच झगड़ा काफी बढ़ गया, जिसके बाद आरोपी गुस्से में आकर पत्नी से मारपीट करने लगा। इसके बाद वह घर के अंदर से पेट्रोल से भरा डिब्बा लेकर आया और नाजनीन के ऊपर उड़ेल दिया और आग लगा दी। देखते ही देखते नाजनीन आग की लपटों में घिर गई और चीखते-चिल्लाते हुए बाथरूम के अंदर भागी और नल के नीचे बैठ गई। इससे आग तो बुझ गई, लेकिन नाजनीन अधिक झुलस जाने से वहीं बेहोश होकर गिर गई।
घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर पड़ोसी तुरंत साजिद के घर पहुंचे। उन्होंने नाजनीन को बाथरूम से बाहर निकाला और तत्काल लाल बहादुर शास्त्री शासकीय अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे श्री शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, वहां के डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए केस लेने से मना कर दिया, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक वह करीब 50 प्रतिशत जल चुकी है। पुलिस ने मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की जांच जारी है।




