यलो अलर्ट: राज्य में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पडऩे के आसार
रायपुर। राज्य में आने वाले चौबीस घंटों के दौरान एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं अथवा तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर सकती है। यह स्थिति अभी राज्य में 72 घंटों तक बनी रह सकती है।
मौसम विभाग के नियमित रिपोर्ट की माने तो वर्तमान में मानसूनी द्रोणिका अनूपगढ़, भीवानी, मैनपुरी, फुर्सतगंज, गया, माल्दा होते हुए पूर्वी दिशा में नागालैण्ड और आसाम से गुजर रही है। इसी तरह ऊपरी हवा में एक चक्रीय चक्रवाती घेरा उत्तर-पश्चिम उत्तरप्रदेश और इसके आसपास के इलाकों में समुद्र सतह से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर बन गया है।
इसके प्रभाव से हालांकि अच्छी वर्षा के आसार नहीं है। लेकिन वातावरण में व्याप्त नमी और स्थानीय प्रभाव के असर से राज्य में कहीं-कहीं पर गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। इसके अलावा एक-दो स्थानों पर तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
पढ़ें : कोरोना कहर छत्तीसगढ़ : प्रदेश के इस विश्वविद्यालय को कोरोना के चलते 7 दिनों के लिए किया गया बंद
मौसम विभाग ने आज 07 सितंबर से लेकर 10 सितंबर तक के लिए राज्य में यलो अलर्ट जारी करते हुए बताया कि 09 सितंबर तक राज्य में कहीं-कहीं पर तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। वहीं 10 सितंबर को राज्य में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा अथवा भयंकर गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा फिलहाल राज्य में अच्छी वर्षा के आसार नहीं हैं।




