कोरोना के खिलाफ जंग में भारत का साथ देने तैयार है चीन, पढ़े पूरी खबर
बीजिंग/नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर से भारत में हालत दिन-ब-दिन गंभीर होते जा रहे है। देश में संक्रमितों का आंकड़ा दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। रिकॉर्ड संख्या में रोज सामने आ रहे मरीजों के साथ ऑक्सीजन की किल्लत ने समस्या और भयावह कर दी है। मेडिकल इन्फ्रास्ट्रक्चर धराशाई होने की कगार पर पहुंच गया है। इसी बीच भारत के साथ लगभग हर मुद्दे पर विरोधी भाव रखने वाले पड़ोसी देश चीन ने कहा है कि वह इस संकट के समय में महामारी की दूसरी लहर से उबरने में भारत की मदद करने के लिए तैयार है।
ज्ञातव्य है कि पिछले 24 घंटों में भारत में कोरोना संक्रमण के तीन लाख 14 हजार 835 नए मामले दर्ज किए गए और 2104 मरीजों की मौत हुई है। यह महामारी की शुरुआत से अब तक किसी देश में एक दिन का सबसे ऊंचा आंकड़ा है। अभी तक एक दिन में किसी भी देश में इतनी संख्या में कोरोना मरीज नहीं मिले थे। भारत में कोरोना के कुल मामलों की संख्या अब एक करोड़ 60 लाख 3821 पर पहुंच गया है, जो केवल अमेरिका से कम है। अमरिका में अब तक तीन करोड़ 26 लाख 4757 मामले मिले हैं।
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने गुरुवार को एक प्रेस वार्ता में कहा कि भारत में महामारी की स्थिति को देखते हुए बीजिंग मदद करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, `कोविड-19 महामारी पूरी मानवता की शत्रु है। इस महामारी के खिलाफ जंग के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय को एकजुट होने की जरूरत है। चीन ने देखा है कि भारत में स्थिति गंभीर है और वहां मेडिकल सप्लाई की कमी हो रही है। हम हर जरूरी सहायता और सहयोग उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं ताकि स्थिति नियंत्रण में आ सके।`







.jpeg)












