सोशल मीडिया पर धूम मचा रहीं निगम की स्वच्छता गतिविधियां, तीसरे स्थान पर रायपुर, जाने पूरी खबर
गतिविधियों को सोशल मीडिया में प्रसारित करने में देश में दूसरे स्थान पर कोरबा तथा तीसरे स्थान पर रायपुर ने बनाया स्थान
कोरबा। देश की सोशल मीडिया, फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, स्वच्छता मंच सहित अन्य सोशल मीडिया में नगर पालिक निगम कोरबा की स्वच्छता गतिविधियों ने धूम मचा रखी है। शहरी विकास मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली द्वारा 04 जनवरी 2020 को जारी परिणाम में पूरे देश में अपने कोरबा शहर ने इसमें दूसरा स्थान प्राप्त किया है, वहीं राजधानी रायपुर तीसरे स्थान पर रहा है।
यहां उल्लेखनीय है कि आयुक्त राहुल देव के कुशल मार्गदर्शन में नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा विगत अनेक माह से जमीनी स्तर पर विविध स्वच्छता गतिविधियों का संचालन अनवरत रूप से किया जा रहा है, इन सभी गतिविधियों एवं कार्यो को प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया में प्रेषण के साथ-साथ सोशल मीडिया यथा फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, स्वच्छ मंच आदि पर निगम के सोशल मीडिया सेल के द्वारा प्रतिदिन डाला जा रहा था, स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 के विभिन्न अवयवों में सोशल मीडिया पर अपलोडिंग भी एक मुख्य अवयव है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 के मद्देनजर 31 दिसम्बर 2019 तक इसकी अंतिम तारीख थी। शहरी विकास मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली के द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण-जोश-टेऊकर के माध्यम से इसका परिणाम निकालकर जारी किया गया, इस परिणाम में पूरे देश में केारबा शहर को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है, वहीं प्रदेश की राजधानी रायपुर को तीसरा स्थान मिला है, जबकि इंदौर शहर इसमें प्रथम स्थान पर रहा है।
प्लास्टिक फ्री कोरबा अभियान ने मजबूत की बुनियाद- आयुक्त राहुल देव ने कोरबा नगर निगम में अपनी पदस्थापना के तुरंत बाद ही प्लास्टिक फ्री कोरबा का महाअभियान शहर में संचालित कराया, जिसमें स्कूल, कालेज के छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों ने बढ़-चढ़कर अपना सहयोग दिया। छात्र-छात्राओं ने स्कूलों में सैकड़ों इवेंट आयोजित कर पेटिंग, रंगोली, स्वच्छता रैली, नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता प्रतियोगिताएं, अपशिष्ट से माडल का निर्माण आदि विभिन्न माध्यमों से प्लास्टिक फ्री कोरबा व शहर की स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। इसी प्रकार स्वयंसेवी संगठनों, स्वसहायता समूहों, शहर की प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया तथा समस्त शहरवासियों ने इस अभियान में अपना भरपूर सहयोग दिया।
स्वच्छ कोरबा स्क्वाड की भूमिका रही महत्वपूर्ण- आयुक्त राहुल देव ने स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता लाने, लोगों को प्रेरित करने, प्लास्टिक फ्री कोरबा अभियान केा जन-जन तक पहुंचाने में महती भूमिका के निर्वाह हेतु स्वच्छ कोरबा स्क्वाड का गठन किया तथा उन्हें इन सबका दायित्व सौपा, स्क्वाड के सदस्यों ने वार्ड, बस्तियों, साप्ताहिक एवं दैनिक बाजारों, स्कूल, कालेजों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों में पहुंचकर नुक्कड़ नाटक तथा दृश्य एवं श्रब्य के विविध माध्यमों से स्वच्छता व प्लास्टिक फ्री कोरबा का भरपूर प्रचार प्रसार किया, आमनागरिकों को इससे जोड़ा, इन सभी गतिविधियों को सोशल मीडिया पर निरंतर डाला गया, जिसके परिणाम स्वरूप कोरबा को यह गौरव प्राप्त हुआ।
स्वच्छता महाअभियान का हुआ आगाज- कलेक्टर श्रीमती किरण कौशल के मार्गदर्शन तथा आयुक्त राहुल देव के दिशा निर्देशन में नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा 25 नवम्बर 2019 से 18 दिसम्बर 2019 तक दो चरणों में निगम के सभी 08 जोन के वार्डो में स्वच्छता महाअभियान चलाया गया, जो एतिहासिक रूप से सफल रहा, इस स्वच्छता महाअभियान के दौरान चलाई गई वृहद स्वच्छता ड्राइव एवं संबंधित गतिविधियों को भी प्रिंट व इलेक्ट्रानिक मीडिया के साथ-साथ सोशल मीडिया पर डाला गया।
आयुक्त ने की अपील और अधिक दें सहयोग, बढ़ाएं कोरबा का मान - आयुक्त राहुल देव ने शहरी विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा इस संबंध में जारी परिणाम में पूरे देश में कोरबा को दूसरा स्थान प्राप्त होने पर समस्त शहरवासियों को अपनी बधाईयां दी हैं तथा सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है। आयुक्त देव ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 के तहत मोबाईल फोन के माध्यम से सिटीजन फीडबैक लेने का कार्य प्रारंभ होने जा रहा है, मोबाईल फोन के माध्यम से नागरिकों से शहर की स्वच्छता के संबंध में प्रश्न पूछे जाएंगे, अत: अपने उत्तर में निगम के बेहतर साफ-सफाई कार्यो की जानकारी देकर कोरबा को उच्च रैंकिंग दिलाने में अपना सहयोग दें तथा कोरबा का मान बढ़ाएं।
क्या आप जानते हैं कि आपके शहर में स्वच्छ सर्वेक्षण होने जा रहा है- सिटीजन फीडबैक के दौरान मोबाईल फोन पर प्रश्नकर्ता द्वारा यह प्रश्न भी पूछा जाएगा कि क्या आप जानते हैं कि आपके शहर में स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 के तहत शहर की स्वच्छता का सर्वे होने जा रहा है, इसके साथ ही स्वच्छता से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे जाएगेंं, अत: आवश्यक है कि प्रत्येक शहरवासी अवगत हों कि शहर में स्वच्छ सर्वेक्षण शीघ्र ही होने वाला है, क्योंकि इन प्रश्नों के उत्तर के लिए भी अंक निर्धारित हैं, जो अपने केारबा शहर को उच्च रैंकिंग दिलाने में महत्वपूर्ण होंगे।







.jpeg)












