अजजा नौनिहालों के भविष्य के प्रति उदासीन है कांग्रेस सरकार: उपासने
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सच्चिदानंद उपासने ने बस्तर जिले में एनीमिया और कुपोषण को दूर करने में प्रदेश सरकार की उदासीनता पर सवाल उठाया है। श्री उपासने ने कहा कि सालभर में बस्तर क्षेत्र में सैकड़ों बच्चों की मौत के बाद भी प्रदेश सरकार का यह रवैया संवेदनहीनता और राजनीतिक दुराग्रह की पराकाष्ठा है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री उपासने ने कहा कि आदिवासी इलाकों की चिंता का ढोंग कर रही प्रदेश सरकार आदिवासियों को लेकर जरा भी फिक्रमंद नहीं दिख रही है। पूर्ववर्ती भाजपा प्रदेश सरकार के शासनकाल में शुरू की गई योजनाओं के प्रति राजनीतिक दुराग्रह के चलते जिस प्रकार दुर्लक्ष्य किया जा रहा है, वह मौजूदा कांग्रेस सरकार के लिए शर्मनाक स्थिति है। मौजूदा प्रदेश सरकार अपनी ओर से कोई सुविचारित योजना और दृष्टिकोण लेकर आदिवासियों की भलाई करने की राजनीतिक इच्छा शक्ति से शून्य है, और अच्छी-भली चल रही योजनाओं को ठप करके वह प्रदेश के लोगों को एक खुशहाल जिंदगी देने में भी अपने संकुचित राजनीतिक नजरिये का परिचय दे रही है। श्री उपासने ने कहा कि बस्तर जिले में बच्चों में एनीमिया और कुपोषण दूर करने के लिए पूर्ववर्ती भाजपा प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई अमृत योजना पिछले तीन महीने से ठप पड़ी हुई है जिसके चलते बस्तर जिले के 30 हजार कुपोषित बच्चों को दूध तक नहीं मिल पा रहा है। श्री उपासने ने प्रदेश सरकार से बच्चों के प्रति संवेदनशील रवैया अख्तियार करने की मांग की है।







.jpeg)












