कोरोना अपडेट : 24 घंटे में 35 हजार नए केस, 447 मौतें
नई दिल्ली । देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार कमी आ रही है। बीते 24 घंटे में 35 हजार केस सामने आए हैं, जबकि 447 लोगों की मौत हुई है। यानी रविवार के मुकाबले चार हजार कम मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 35, 499 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, 39,466 लोग स्वस्थ हुए हैं। देश में अब भी एक्टिव मरीजों की संख्या 4,02,188 है। बता दें कि रविवार को 39,070 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। यह आंकड़ा 5 अगस्त के बाद सबसे कम है।
नए मामलों की तुलना में कोविड मरीजों के ठीक होने की दर यानी रिकवरी रेट में भी इजाफा हुआ है। देश में अब कोरोना रिकवरी की राष्ट्रीय दर बढ़कर 97.40% हो गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में अब तक 3,11,39,457 कोरोना मरीज इस महामारी को मात देकर ठीक हो चुके हैं। भारत में फिलहाल कोरोना के 4,02,188 एक्टिव केस हैं। देश में अब कोरोना का वीकली पॉजिटिविटी रेट घट रहा है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पांच राज्यों से 83.72% नए कोरोना केस सामने आए हैं, जिसमें अकेले केरल से 52.42% केस हैं। जिन राज्यों में बीते 24 घंटे में सबसे अधिक नए केस आए हैं उनमे केरल से 18,607 केस, महाराष्ट्र से 5,508, आंध्र प्रदेश से 2,050, तमिलनाडु से 1,956 तथा कर्नाटक से1,598 नए केस हैं।
देश में बीते 24 घंटे में 447 कोरोना मरीजों की मौत हुई है, जिसमें सबसे अधिक महाराष्ट्र में 151 कोरोना मरीजों की जान गई है। जबकि दूसरे नंबर पर केरल में 93 कोविड मरीजों ने दम तोड़ा है।
00 दिल्ली में 0.10% कोरोना पॉजिटिविटी रेट
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को कोविड-19 के 66 नए मामले सामने आए हैं। राहत की खबर ये है कि इस दौरान कोविड के कारण किसी मरीज की मौत नहीं हुई है। दिल्ली में कोरोना संक्रमण दर 0.10 फीसदी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में 14.11 लाख कोरोना मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। राजधानी में कोरोना महामारी से अब तक 25,066 मरीजों की मौत हुई है।







.jpeg)












