जल्द होगा कोरोना टीकों की कीमत का ऐलान, जानें कितनी होगी कीमत
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा के बाद अब 1 मई से देशभर में 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को भी वैक्सीन लगाई जाएगी। ऐसे में लोगों के मन में एक सवाल है कि बाजार में वैक्सीन कितने रुपये में मिलेगी। वैक्सीन की कीमत को लेकर कई बातें सामने आ रही हैं। फिलहाल सरकार वैक्सीन की प्रति डोज 250 रुपये में मुहैया करा रही है, लेकिन 1 मई से बाजार में वैक्सीन की कीमत इससे काफी अधिक हो सकती है। सूत्रों के अनुसार निजी बाजार में वैक्सीन की कीमत 700 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक प्रति डोज हो सकती है। इससे पहले एक इंटरव्यू में सीरम इंस्टीट्यूट के सीईओ अदार पूनावाला ने कहा था कि कोविशील्ड की कीमत एक हजार रुपये प्रति डोज हो सकती है।
750 रुपये में मिल सकती है रूसी वैक्सीन स्पूतनिक-V
रूसी वैक्सीन स्पुतनिक-V आयात करने की तैयारी में लगे डॉक्टर रेड्डीज वैक्सीन की कीमत 750 रुपये के अंदर रख सकते हैं। हालांकि, इसे लेकर फिलहाल अंतिम निर्णय लिया जाना बाकी है। सरकार ने इस वैक्सीन को मंजूरी दे दी है. इसके अलावा कंपनियां राज्यों को वैक्सीन कीमत के संबंध में मिलने वाले आदेश को लेकर केंद्र सरकार की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रही हैं। देश में अब तक 13 करोड़ से अधिक लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई जा चुकी है।







.jpeg)












