घास चरने गयी गाय ने निगल लिया पटाखा, मुंह में हुआ धमाका
बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से दिल-देहला देने वाली खबर प्रकाश में आई है. यहां के शाहतलाई क्षेत्र में घास चरने गई गाय के मुंह में विस्फोटक पदार्थ फट गया. इससे गाय गंभीर रूप से घायल हो गई. वहीं, सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस प्रवक्ता डीएसपी राजकुमार ने मामले की पुष्टि की है. वहीं, दूसरी ओर कयास लगाए जा रहे हैं कि किसी ने जंगली जानवरों का शिकार करने के लिए जमीन पर विस्फोट पदार्थ रख दिया होगा. ऐसे में घास चरने के दौरान गाय ने उसे खा लिया और विस्फोट के बाद वह घायल हो गई.
वहीं, तस्वीरों में देखा जा सकता है कि विस्फोटक पदार्थ खाने के बाद गाय गंभीर रूप से घायल हो गई. उसके मुंह और नाक से खून बह रहे हैं. और वह दर्द के कारण जमीन पर बैठी हुई है. उसे चलने में परेशानी हो रही है. हालांकि, अब घायल गाय का उपचार शुरू कर दिया गया है. डॉक्टरों का कहना है कि गाय को पूरी तरह से स्वस्थ होने में कई दिन लग जाएंगे.
डॉक्टर को बुलाकर उसका इलाज किया गया
कहा जा रहा है कि तलाई क्षेत्र के गो विज्ञान केंद्र गौशाला बाबा बालक नाथ झबोला से गाय घास चरने गई थी. इसी दौरान विस्फोट खाने से गाय का जबड़ा फट गया. वहीं, एक गोसेवक ने बताया कि गत रविवार को गौशाला की गायों को गौशाला के साथ लगते खड्ड नुमा एरिया में चरने के लिए उन्हें छोड़ा गया था. अचानक उस तरफ से विस्फोट की आवाज आई. जब मौके पर जाकर लोगों ने देखा तो पाया कि गाय का जबड़ा फटा हुआ था और वह पूरी तरह से लहूलुहान थी. इसकी जानकारी तुरंत गौशाला के प्रधान यशपाल को दी गई और डॉक्टर को बुलाकर उसका इलाज किया गया.
आगामी कार्रवाई आरम्भ कर दी है
हालांकि, जिला बिलासपुर में गाय के जबड़े में विस्फोटक का तीसरा मामला है. बताया यह भी जा रहा है कि कुछ लोग जानवरों के अवैध शिकार को लेकर विस्फोट खड्डों और वीरान जगह पर लगाते हैं. और यही विस्फोटक पदार्थ गाय ने खा लिया जिस कारण यह घटना घटी है. इस संदर्भ में पुलिस प्रवक्ता डीएसपी राजकुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है.







.jpeg)
.jpg)











