क्रिकेटर हरभजन सिंह को मिल सकती है खेल विश्वविद्यालय की कमान, AAP जल्द कर सकती है बड़ी घोषणा
नई दिल्ली | दिल्ली के बाद पंजाब में भी आम आदमी पार्टी की सरकार बन गई है. बुधवार को ‘आप’ नेता भगवंत मान ने पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. इन सबके बीच न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि क्रिकेटर हरभजन सिंह को आम आदमी पार्टी राज्यसभा भेज सकती है. इसके साथ-साथ टर्बनेटर के नाम से मशहूर हरभजन को खेल विश्वविद्यालय की कमान भी सौंपी जा सकती है. सूत्रों के अनुसार, आम आदमी पार्टी पंजाब से द्विवार्षिक चुनाव में पूर्व ‘टर्बनेटर’ हरभजन को राज्यसभा भेज सकती है. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जालंधर में खेल विश्वविद्यालय स्थापित करने का वादा किया है.
पंजाब में AAP की यह पहली जीत है. राज्य की 117 विधानसभा में ‘आप’ ने प्रचंड जीत हासिल करते हुए 92 सीटों पर कब्जा जमाया. अगले महीने पंजाब की पांच राज्यसभा सीटें खाली होने वाली हैं. चुनाव आयोग ने पहले ही द्विवार्षिक चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी है. जरूरत पड़ी तो 31 मार्च को मतदान होगा. राज्यसभा चुनाव के बाद राज्यसभा में AAP की संख्या 3 से बढ़कर 8 होने की उम्मीद है. पार्टी जल्द ही सीटों के लिए नामों की घोषणा कर सकती है.







.jpeg)












