दिल्ली पब्लिक स्कूल बालको ने शासकीय विद्यालयों के जरूरतमंद विद्यार्थियों को दिए गर्म कपड़े, जाने पूरी खबर
कोरबा । शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद एवं अन्य पाठ्यसहगामी गतिविधियों में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दिल्ली पब्लिक स्कूल, बालको ने जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद की दिशा में रचनात्मक पहल की है। डी.पी.एस. स्कूल के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने बालकोनगर क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए ऊनी कपड़ों का संग्रह किया। ये कपड़े 8 जनवरी, 2020 को विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को वितरित किए गए।
डी.पी.एस. बालको के प्राचार्य श्री कैलाश पवार ने बताया कि उन्हें बालकोनगर स्थित शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य के माध्यम से यह पता चला कि क्षेत्र के ज्यादातर शासकीय विद्यालयों में पढऩे वाले अनेक विद्यार्थी भीषण सर्दी के मौसम में बिना गर्म कपड़ों के स्कूल आ रहे हैं। यह स्थिति विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं है। स्थिति को समझते हुए श्री पवार ने अपने स्कूल के विद्यार्थियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं से जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद की अपील की। श्री पवार की अपील पर डी.पी.एस. स्कूल में बड़ी संख्या में गर्म कपड़े एकत्रित हुए जिन्हें शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य की मदद से विभिन्न शासकीय विद्यालयों के जरूरतमंद विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को वितरित किए गए। विभिन्न शासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों और लाभान्वित अभिभावकों ने डी.पी.एस. स्कूल, बालको की इस पहल को प्रशंसनीय बताया है।







.jpeg)












