पूर्व पीएम मनमोहन सिंह एम्स से हुए डिस्चार्ज, जाने पूरी खबर
नईदिल्ली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को मंगलवार दोपहर साढ़े 12 बजे के करीब अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है| अस्पताल से डिस्चार्ज करने से पहले उनका कोरोना टेस्ट भी किया गया जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है| गौरतलब है कि पूर्व प्रधानमंत्री को सीने में दर्द और बुखार होने के बाद रविवार रात एम्स में भर्ती कराया गया था| 87 वर्षीय मनमोहन सिंह को एम्स के कार्डियो-थोरैसिक (हृदय और सीने से संबंधित) सेंटर में चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया था|
एम्स से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कोरोना वायरस के संक्रमण की जांच के लिए नमूना लिया गया था और उसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है| इससे पहले बताया गया था कि एक नई दवा लेने के बाद रिएक्शन (फैब्राइल रिएक्शन) होने के कारण उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई थी, जिसके बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था ताकि वह चिकित्सकों की निगरानी में रह सकें|
सूत्रों के मुताबिक पूर्व प्रधानमंत्री की हालत स्थिर है और वह एम्स के कार्डियो-थोरैसिक सेंटर के चिकित्सकों की एक टीम की निगरानी में हैं| मनमोहन सिंह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और फिलहाल राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं| वह 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे हैं| साल 2009 में उनकी एम्स में ही कोरोनरी बाईपास सर्जरी हुई थी| मनमोहन सिंह के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही कई नेताओं ने उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जतायी और जल्द ठीक होने की कामना की|







.jpeg)












