डकैतों के मूवमेंट से ग्वालियर-चंबल अंचल में फिर पनप रही दहशत...
ग्वालियर : ग्वालियर-चंबल अंचल में डकैतों के मूवमेंट से फिर दहशत पनप रही है। हाल में मुरैना जिले में डकैत गुड्डा गुर्जर ने युवती से विवाह के लिए उसके चाचा को अगवााकर लिया था, जबकि ग्वालियर जिले में दो चरवाहों का अपहरण कर फिरौती मांगने का मामला भी सामने आ चुका है। अब हथियारबंद गिरोह ने चरवाहों से 92 मवेशी लूट लिए। डकैत गिरोह की तलाश में पुलिस सर्चिंग कर रही है,लेकिन अभी उनका पता नहीं लगा है। पुलिस का कहना है कि कुछ स्थानीय बदमाशों ने मवेशी लूटे हैं जिसकी तस्दीक हो गई है। जानकारी के अनुसार, मोहना थाना इलाके में स्थित जंगल में बीते रोज कल्याण सिंह ओढ़ साथियों के साथ मवेशियों को चराने गया था, तभी करीब चार-पांच हथियारबंद डकैतों ने उन्हें घेर लिया। बदमाश उन्हें गन पॉइंट पर सभी को जंगल में ले गए और यहां से उनसे 100 मवेशी (बकरे-बकरियां) लेकर चरवाहों को वहीं छोड़कर जाने लगे। जब चरवाहे गिड़गिड़ाएं कि हमारी रोजी-रोटी इसी से चलती है
तो डकैत आठ मवेशी छोड़ गए। डकैत गिरोह के हौंसले कितने बुलंद हैं, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने चरवाहों से कहा, कि तुम पुलिस को जरूर बताना, यह दहशत की कहानी। चरवाहों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी, मोहना, घाटीगांव, आरोन व भवंतपुरा थानों की पुलिस जंगल में सर्चिंग में जुट गई लेकिन घंटों मशक्कत करने के बाद अब तक कुछ हाथ नहीं लगा। पुलिस के पास पहुंचे चरवाहों ने बताया कि डकैत संख्या में चार-पांच थे, जिनमें से दो की उम्र करीब 40-45 वर्ष तथा दो की आयु करीब 30-35 वर्ष थी, सभी के हाथों में बंदूक और कट्टे थे और वे फौजी जैसी वर्दी पहने हुए थे। माना जा रहा है
कि उक्त वारदात को डकैत कल्ली और महावीरा गुर्जर गिरोह द्वारा अंजाम दिया गया है। उधर, मोहना इलाके में जहां से डकैतों ने चरवाहों से मवेशी लूटे हैं, उसके आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों का कहना है कि दो दिन से क्षेत्र में डकैतों का मूवमेंट था, जो पेहसारी क जंगल में भी सामने आया था। डकैत गिरोह ने चार दिन पूर्व घाटीगांव थाना क्षेत्र के सिमरिया के जंगल से दो चरवाहों का अपहरण कर लिया था, उन्होंने चरवाहों के मोबाइल से ही उनके परिजनों को कॉल करके फिरौती की रकम मांगी थी, हालांकि पुलिस की घेराबंदी के चलते चरवाहों को छोड़कर डकैत भाग निकले थे। वहीं इससे पूर्व मुरैना जिले के पहाडगढ़़ थाना क्षेत्र में 70 हजार रुपये के इनामी 50 वर्षीय डकैत गुड्डा गुर्जर ने 20 साल की युवती से शादी की चाह में उसके चाचा का अपहरण कर लिया था, जो दो दिन बाद लौट आए थे।







.jpeg)












