वन विभाग ने किया जब्त दो नग हाथी दांत, जिसकी कीमत लगभग 70 लाख
प्रदेश के वन मंडल बलरामपुर के अंतर्गत परिक्षेत्र रघुनाथनगर स्थित वन खण्ड शंकरपुर में दो सप्ताह पूर्व एक नर दंतैल हाथी की मृत्यु हुई थी। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) अतुल शुक्ला से प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 अपराधियों द्वारा उक्त हाथी के दांत काट कर निकाल लिए गए थे। लगभग 70 लाख रूपए की कीमत के इन दोनों हाथी दांतो को वन विभाग की सक्रियता से बरामदगी कर ली गई है। वन विभाग द्वारा इस पर अपराधियों के खिलाफ वन अपराध दर्ज कर तत्काल विवेचना की गई। इसमें संदिग्ध 11 अपराधियों से गहन पूछताछ में शिनाख्ती के आधार पर बलरामपुर वनमंडल के टोकाडांड पारा सोनहत निवासी मोती पिता बंधु के घर में जमीन में गाड़कर छुपाए दोनों दांत की बरामदगी की गई। इनमे से अब तक आठ अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों हाथी दांतों में से एक का वजन 15.90 किलोग्राम तथा दूसरे दांत का वजन 16.40 किलोग्राम है। दोनों हाथी दांत की कीमत लगभग 70 लाख रूपए अनुमानित है।







.jpeg)












