Happy Birthday Rohit: 34 के हुए टीम इंडिया के 'हिटमैन', रोहित के वो खास रिकॉर्ड जिसे तोड़ना मुश्किल
नई दिल्ली, भारतीय क्रिकेट टीम के ओपनर रोहित शर्मा 34 साल के हो गए. 1987 में आज ही के दिन रोहित का जन्म नागपुर में हुआ था. 14 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में रोहित ने अपनी पहचान ऐसे बल्लेबाज के रूप में बनाई है, जिसका बल्ला एक बार चलना शुरू होता है, तो नए रिकॉर्ड बनते चले जाते हैं. जून 2007 में आयरलैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले रोहित को पहले शतक के लिए तीन साल इंतजार करना पड़ा. लेकिन ये इंतजार अच्छा रहा. उन्होंने 2010 के जिम्बाब्वे दौरे पर लगातार दो शतक लगाकर इस सूखे को खत्म किया. हालांकि, अपना तीसरा वनडे शतक लगाने के लिए उन्हें तीन साल का इंतजार करना पड़ा. यानी पहले 6 साल में वो सिर्फ तीन शतक लगा पाए.
साल 2013 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में रोहित का खेल और किस्मत दोनों पलटी. उन्हें चैम्पियंस ट्रॉफी में धोनी ने शिखर के साथ पारी की शुरुआत करने का मौका दिया. इसके बाद रोहित ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. वो एक-एक कर रिकॉर्ड बनाते चले गए और उनको नया नाम मिला 'हिटमैन'. रोहित ने इसी साल के आखिर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना तीसरा वनडे शतक ठोका. अगले साल यानी 2014 में उन्होंने वनडे में श्रीलंका के खिलाफ दोहरा शतक ठोककर ये साबित किया कि उन्हें हिटमैन क्यों कहा जाता है.
रोहित ने कोलकाता में हुए इस मैच में 264 रन की पारी खेली थी. ये वनडे क्रिकेट में किसी भी बल्लेबाज का सर्वाधिक स्कोर है. इसके बाद तो उन्होंने वनडे में दो और दोहरे शतक जड़े. वो दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं, जिनके नाम वनडे में तीन दोहरे शतक हैं. रोहित ने वनडे करियर के पहले 6 साल में सिर्फ दो शतक लगाए थे. लेकिन अगले 8 साल में उन्होंने 27 शतक ठोक दिए. 227 वनडे में उन्होंने 48.96 की औसत और 29 शतकों से 9205 रन बनाए हैं.
अंतरराष्ट्रीय टी20 में रोहित के नाम सबसे ज्यादा 4 शतक
वनडे के साथ-साथ टी20 में भी रोहित का रिकॉर्ड लाजवाब है. उन्होंने सीधे वर्ल्ड कप मैच से इस फॉर्मेट में डेब्यू किया था. हालांकि, पहले मैच में उन्हें बल्लेबाजी का मौका ही नहीं मिला. ये वही मुकाबला था, जिसमें युवराज सिंह ने 6 छक्के जड़े थे. उन्हें अगले मैच में बल्लेबाजी का मौका. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुए इस मैच में रोहित ने 50 रन की नाबाद पारी खेली. यानी अपनी पहली टी20 पारी में ही इस बल्लेबाज ने अर्धशतक जड़ दिया. वे इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा 4 शतक लगाने वाले खिलाड़ी हैं. वहीं, अंतरराष्ट्रीय टी20 में रन बनाने के मामले में वो विराट कोहली, मार्टिन गुप्टिल के बाद तीसरे स्थान पर हैं. रोहित ने 111 मैच में 2864 रन बनाए हैं.
रोहित ने डेब्यू टेस्ट में शतक ठोका था
रोहित ने अपने टेस्ट करियर का आगाज भी धमाकेदार अंदाज में किया था. उन्हें 2013 में ही टेस्ट खेलने का मौका मिला और उन्होंने लगातार दो टेस्ट में शतक जड़कर खुद को साबित भी किया. लेकिन इसके बाद उनकी बल्लेबाजी में वो रंग नजर नहीं आया. टेस्ट की अगली 16 पारियों में वो सिर्फ दो मौकों पर पचास रन का आंकड़ा पार कर पाए. इसके बाद 2019 के वर्ल्ड कप में उन्होंने पांच शतक लगाए. इसके बाद उन्हें द. अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में टेस्ट में भी ओपनिंग का मौका दिया गया. इसे भी उन्होंने बर्बाद नहीं होने दिया और इस फॉर्मेट में भी टीम के ओपनर के रूप में खुद को स्थापित कर लिया. 2019 के आखिर में पारी की शुरुआत करने वाले रोहित तब से लेकर अब तक तीन शतक और एक अर्धशतक लगा चुके हैं. उन्होंने 38 टेस्ट में 2615 रन बनाए हैं.
आईपीएल में बतौर कप्तान रोहित सबसे सफल
रोहित आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तान भी हैं. उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने रिकॉर्ड पांच बार आईपीएल का खिताब जीता है. उन्होंने पहली बार 2013 में इस टीम की कमान संभाली थी और तब से वो टीम को पांच बार लीग का चैम्पियन बना चुके हैं. चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी उनसे पीछे हैं. उनकी कप्तानी में सीएसके ने तीन बार खिताब जीता है.







.jpeg)












