हाईवे का नियम शहर में लागू, बिना हेलमेट नहीं मिलेगा पेट्रोल, जाने पूरी खबर
महासमुंद | हाईवे के पेट्रोल पंप में लागू बिना हेलमेट के पेट्रोल नहीं मिलने का नियम आज से शहरी क्षेत्र के पेट्रोल पंपों के लिए लागू कर दिया गया है। नियम लागू होने के बाद पंपों में पेट्रोल भरवाने के लिए पहुंचे बाइक चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वाहनों में पेट्रोल भरवाने के कुछ बाइक चालक पंप कर्मियों से निवेदन करते दिखे तो कुछ दूसरे पंपों की ओर रूख कर गए।
इधर, पुलिस विभाग ने नियम की शुरूआत अपने मुख्यालय स्थित पुलिस वेलफेयर पेट्रोल पंप से की है। उक्त नियम के बाद सुबह पुलिस वेलफेयर पेट्रोल पंप को छोड़कर शहर के अन्य पंपों में पेट्रोल भरवाने के लिए लोगों की लाइन लगी रही। पुलिस पेट्रोल पंप में पेट्रोल लेने के लिए पहुंचे कई लोगों को बिना पेट्रोल डलवाए ही वापस लौटना पड़ा जबकि कुछ बाइक चालक दूसरे बाइक चालकों से हेलमेट मांगकर पेट्रोल भरवाते दिखे। ज्ञात हो कि बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं देने का नियम हाईवे स्थित पेट्रोल पंपों में करीब तीन साल पूर्व से लागू है। हाईवे स्थित कुछ पंपों में इस नियम का जहां कड़ाई से पालन किया जा रहा है वहीं कुछ जगहों पर खानापूर्ति की जा रही है।
आगामी दिनों में सभी पंपो में लागू होगा नियम
हालांकि यह नियम फिलहाल पुलिस वेलफेयर पेट्रोल पंप में आज से लागू हो गया है और आगामी दो दिनों के भीतर शहर सहित जिले के सभी शहरी इलाके स्थित पेट्रोल पंपों में लागू करने के लिए आदेश जारी कर दिया जाएगा। इसके बाद लोगों को पेट्रोल भरवाने के लिए हेलमेट पहनकर पंप जाना होगा। पुलिस विभाग के अफसरों की मानें तो इसी बहाने लोगों में हेलमेट के प्रति जागरूकता आएगी और वे नियमित रूप से हेलमेट का उपयोग करेंगे।
नियम से हेलमेट की बढ़ेगी मांग
इस नियम का अगर कड़ाई से पालन होता है तो बाजार में हेलमेट की मांग बढ़ जाएगी। जिन बाइक चालकों के पास हेलमेट नहीं है वे भी पेट्रोल लेने के लिए हेलमेट खरीदेंगे। कुछ वर्षाे पूर्व बाइक चालकों के लिए हेलमेट अनिवार्य किए जाने के बाद बाजार में हेलमेट की जमकर बिक्री हुई थी।वर्जन
बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं देने का नियम फिलहाल पुलिस पेट्रोल पंप से लागू किया गया है। जल्द ही इसे जिले के शहरी क्षेत्र स्थित पेट्रोल पंपों में भी लागू किया जाएगा।







.jpeg)












