यातायात का पालन नहीं करने पर अब नगद चलन नहीं काटा जायेगा बल्कि एटीएम से वसूली जाएगी, जाने पूरी खबर
महासमुंद | शहर में यातायात नियमों का पालन नहीं करने वालों से पुलिस नगदी नहीं बल्कि एटीएम से चालान की राशि वसूलेगी। इसके लिए पुलिस ने नागरिकों को समझाईश दी है कि वे नगदी की जगह अपना एटीएम कार्ड साथ लेकर चले और चालानी कार्रवाई से बचने के लिए यातायात नियमों का पालन करें।
रविवार को पुलिस कंट्रोल में यातायात पुलिस द्वारा आयोजित बैठक में उपस्थित शहर के कारोबारियों और लोगों को स्वाइप मशीन से होने वाली चालानी कार्रवाई की जानकारी दी गई। यातायात प्रभारी दीपा केंवट ने बताया कि चालान की वसूली के लिए पुलिस को स्वाइप मशीन उपलब्ध हो गई है जिससे अब चालान की वसूली की जाएगी। इसके लिए सभी वाहन चालक एटीएम कार्ड लेकर चलें। उन्होनें बताया कि चालानी कार्रवाई से बचने के लिए यातायात नियमों का पालन करें।
सप्ताहभर दी जाएगी जानकारी
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के पहले सप्ताहभर शहर में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी। पुलिस ने लोगों को बताया कि वाहन चलाते समय वाहन के दस्तावेज के साथ लाइसेंस और अन्य दस्तावेज जरूर लेकर चलें।
यातायात व्यवस्था सुधारने आयोजित थी बैठक
दरअसल, रविवार को पुलिस कंट्रोल में शहर की बदहाल यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए यातायात पुलिस ने बैठक आयोजित की थी। बैठक में पालिका के अधिकारियों सहित शहर के कारोबारियों को भी बैठक में बुलाया गया था। इस दौरान यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए रणनीति बनाई गई। जिसमें शहर में पहले पार्किंग जोन चिन्हांकित कर व्यवस्था सुधारने का निर्णय लिया गया। इसके बाद अव्यवस्था होने पर कार्रवाई किया जाना तय हुआ।







.jpeg)












