प्रदेश में जहाँ कोरोना संक्रमित मरीज मिलेगा उसका डेढ़ किलोमीटर का दायरा होगा कंटेनमेंट जोन, पढ़ें पूरी खबर
रायपुर | छत्तीसगढ़ में जिस तेजी से कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ रही है, इसे ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा अब पूरे जिले को किसी भी जोन में शामिल नहीं किया जाएगा, बल्कि प्रभावित क्षेत्र के डेढ़ किलोमीटर के दायरे को कंटेनमेंट जोन क्षेत्र घोषित किया जाएगा।
सूत्रों ने बताया कि लॉकडाउन-4 लागू होने के साथ ही केन्द्र सरकार ने राज्य सरकारों को यह छूट दे दी थी कि वे स्वयं से यह तय करें कि उनके राज्य में किन-किन जिलों को रेड, ऑरेंज या ग्रीन जोन में रखना है। अब तक यह होता आ रहा था कि जिस भी जिले में कोरोना का मरीज मिल रहा था उस पूरे जिले को ही जोन में शामिल करते हुए जिले को सील कर दिया जाता था। इससे आमजनों को भारी असुविधा हो रही थी। लॉकडाउन-4 के शुरूआत के साथ ही इस नियम को बदल दिया गया है। अब प्रभावित क्षेत्र के अलावा शेष जिलों को इस नियम से मुक्त रखा गया था। इधर राज्य शासन ने भी यह तय कर लिया है कि जिस इलाके में कोरोना का मरीज मिलेगा, उसके डेढ़ किलोमीटर के दायरे को कंटेनमेंट जोन क्षेत्र घोषित करते हुए सख्ती बरती जाएगी। शेष इलाकों को इस सख्ती से पूरी तरह से मुक्त रखा जाएगा, जिससे जनजीवन प्रभावित न हो सके। राज्य में जिस तरह से कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ रही है, यह वाकई में चिंता का विषय है। राज्य शासन के साथ ही स्थानीय प्रशासन को भी इस पर त्वरित व ठोस निर्णय लेने की जरूरत है।







.jpeg)












