ब्रिटेन-अमेरिका को पीछे छोड़ कोरोना वैक्सीनेशन में भारत बना अव्वल, प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को दी बधाई
नई दिल्ली। भारत में कोरोना रोधी टीकाकरण की संख्या 32 करोड़ के पार कर गई है। देश में रविवार को 17, 21 268 टीके लगाए गए। जिसके बाद अब तक की कुल संख्या 32 करोड़, 36 लाख 63 हजार 297 हो गई। इसके साथ ही दुनियाभर में भारत सबसे ज्यादा टीकाकरण करने वाला देश बन गया। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई देते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा -भारत का टीकाकरण अभियान गति पकड़ रहा है! उन सभी को बधाई जो इस प्रयास को चला रहे हैं। हमारी प्रतिबद्धता सभी के लिए टीके, सभी के लिए नि:शुल्क है।
ग्लोबर वैक्सीन ट्रैकर के अनुसार ब्रिटेन, अमेरिका, इटली, जर्मनी, फ्रांस और भारत में टीकाकरण की गति तेज है। दिलचस्प बात यह है कि भारत में टीकाकरण इस साल 16 जनवरी से शुरू हुआ जबकि ब्रिटेन में 8 दिसंबर को, अमेरिका में 14 दिसंबर, इटली, जर्मनी और फ्रांस में 27 दिसंबर को टीकाकरण की शुरुआत हुई।
रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार, 28 जून की सुबह 8 बजे तक ब्रिटेन में 7 करोड़, 67 लाख 74 हजार 990, अमेरिका में 32 करोड़, 33 लाख, 27 हजार 328, इटली में 4 करोड़ 96 लाख 50 हजार 721, जर्मनी ने 7 करोड़ 14 लाख 37 हजार 514 और फ्रांस में अब तक 5 करोड़ 24 लाख 57 हजार 288 टीके लगाए जा चुक हैं. भारत में यह संख्या 32 करोड़, 36 लाख 63 हजार 297 है।
भारत में टीकाकरण अभियान के 163वें दिन 27 जून को 13.9 लाख को पहली और 3.3 लाख लोगों को दूसरी खुराक दी गई। देश में इस साल 1 अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए टीकाकरण शुरू किया गया था. इसके साथ ही 1 मई को 18-44 आयु वर्ग के लोगों के लिए वैक्सीनेशन शुरू किया गया।







.jpeg)












