INDVsBAN: दिल्ली में भारी प्रदूषण के बीच आज खेला जाएगा भारत-बांग्लादेश के बीच सीरीज का पहला टी-20 मैच
दिल्ली आज शाम सात बजे से भारत और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मैच दिल्ली में भारी प्रदूषण के बीच खेला जाएगा. फैंस इस बात की उम्मीद कर रहे हैं कि मैच पर प्रदूषण के कारण कोई संकट न आए.
बांग्लादेश के कोच रसेल डोमिंगो और भारत के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर ने कहा कि प्रदूषण की समस्या पर दोनों टीमें कुछ नहीं कर सकती हैं और जो वो कर सकती हैं वह है खेल पर ध्यान देना. बांग्लादेश के लिए यह सीरीज इसलिए भी मुश्किल है क्योंकि उसे अपने स्टार हरफनमौला खिलाड़ी शाकिब और तमीम की गैरमौजूदगी में खेलना है. अगर बीते दो-तीन साल की बात की जाए तो यह दोनों टीम की अहम कड़ी रहे हैं. टीम के कार्यवाहक कप्तान महमुदुल्लाह ने शनिवार को ही कह दिया था कि उनकी टीम के बल्लेबाजों को निरंतरता बनाए रखनी पड़ेगी और गेंदबाजों को भारतीय बल्लेबाजों को तहस-नहस करने का मौका देना होगा.
मेहमान टीम के पास हालांकि मुस्ताफिजुर रहीम जैसे शानदार गेंदबाज हैं जिन्होंने पहले भी भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया है. अगर बांग्लादेश के बल्लेबाज अच्छा स्कोर करने में सफल होते हैं तो उनके पास रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम को रोकने का मौका है. रोहित इस मैच में भारत की कप्तानी कर रहे हैं. चयन समिति ने नियमित कप्तान विराट कोहली को इस सीरीज के लिए आराम दिया है. इससे पहले भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज खेली थी जो 1-1 से बराबर रही थी. भारत की कोशिश इस सीरीज में जीत हासिल करने की है.
राष्ट्रीय राजधानी में जब भी मैच होता है तब स्टेडियम की पिच पर भी सभी की नजरें होती हैं. अगर इसका इतिहास देखा जाए तो यह धीमी पिच रही है. रविवार को होने वाले मैच से एक दिन पहले विकेट पर हल्की घास देखी गई है. अब देखना होगा कि रविवार को पिच किस तरह की रहती है.
टीमें (संभावित)-
भारत- रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, लोकेश राहुल, संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, क्रूणाल पांड्या, युजवेंद्र चहल, राहुल चहर, दीपक चहर, खलील अहमद, शिवम दुबे, शार्दूल ठाकुर.
बांग्लादेश- महमुदुल्लाह (कप्तान), मोहम्मद नइम, अफिफ हुसैन, मोसादेक हुसैन, अनिमुल इस्लाम, लिटन दास, मुश्फीकुर रहीम, अराफत सनी, अल अमिन हुसैन, मुस्ताफिजुर रहमान, शाइफुल इस्लाम, अबु हैदर रोनी, मोहम्मद मिथुन, ताइजुल इस्लाम.







.jpeg)












