बड़ा हादसा: गणेश जी की मूर्ति के विसर्जन के दौरान 5 लोग डूबे, महिला का शव बरामद, 4 लापता
बाराबंकी. उत्तरप्रदेश के बाराबंकी से बड़ी खबर सामने आ रही है, आज रविवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. यहां गणेश प्रतिमा विसर्जन करते समय 5 लोग कल्याणी नदी में डूब गए. इनके डूबने से इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से पांचों की तलाश शुरू करवा दी है. डूबने वालों में एक महिला और चार पुरुष शामिल हैं. महिला का शव बरामद कर लिया गया है, लेकिन अभी तक बाकी चारों लोग लापता हैं.
यह मामला बाराबंकी में मसौली थाना क्षेत्र के सहादत गंज गांव का है. यहां आज गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान 5 लोग कल्याणी नदी में डूब गए. मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया है. डूबे 5 लोगों में गोताखोरों ने नदी से महिला का शव बरामद कर लिया है. बाकी चार लोगों की तलाश में गोताखोरों की टीम जुटी हुई है. पुलिस का कहना है कि कल्याणी नदी में पानी का बहाव तेज है. इसकी वजह से डूबे लोगों की तलाश में गोताखोरों को दिक्कत हो रही है. जानकारी के मुताबिक हादसे का शिकार होने वालों में मसौली थाना क्षेत्र के सहादत गंज कस्बा के रहने वाले नारायणधर पांडेय, हरिश्चंद्र, नीलेश पटवा, मुन्नी पटवा, धर्मेंद्र कश्यप और सूरज पटवा शामिल हैं.
बाराबंकी के एसपी यमुना प्रसाद ने बताया कि एक परिवार ने गणेश प्रतिमा रखी थी. उसी के विसर्जन के लिए कुछ लोग यहां आए थे. विसर्जन के दौरान उनमें से एक डूबने लगा, तो बाकियों ने उसे बचाने की कोशिश की. इसी क्रम में 5 लोग नदी में डूब गए. स्थानीय गोताखोरों की टीम ने एक महिला का शव बरामद कर लिया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है.







.jpeg)












