BIG BREAKING : ढाई-ढाई साल पर खुल कर बोले मंत्री टी एस सिंहदेव, प्रेसवार्ता में कही यह बड़ी बात
रायपुर | छत्तीसगढ़ में ढाई साल के मुख्यमंत्री के कार्यकाल संबंधी किसी समझौते पर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने अपनी बात रखी है। अपने आवास पर उन्होंने कहा, यह पार्टी के अंदर की बात थी, लेकिन इतना अधिक चर्चा में आ गया कि ओपन हो गया। जब ओपन ही हो गया तो हाइकमान ने पक्षकारों से बात की है। स्थायी निर्णय जल्द आ जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के बाद प्रेस से बातचीत में मंत्री टीएस सिंहदेव ने ताजा राजनीतिक खींचतान पर बात की। ढाई साल के मुख्यमंत्री को लेकर लग रहे कयासों और कार्यकर्ताओं-अधिकारियों की उहापोह से जुड़े एक सवाल पर टीएस सिंहदेव ने कहा, यह पार्टी के अंदर की बात है, हाइकमान के पास मामला सुरक्षित है। वो उसपर निर्णय लेंगे। मीडिया में अधिक चर्चा में आ गया, ढाई साल-ढाई साल, लोगों में भी आ गया, विधायक भी पहुंच गए वहां अपनी राय रखकर आए, यानी एक तरह से यह ओपन हो गया। जब ओपन ही हो गया तो हाइकमान ने संबंधित लोगों से चर्चा की। उसके बाद जो वो निर्णय लेंगे। मुझे लगता है कि स्थायी निर्णय निकट भविष्य में सामने आ जाएगा। 50 से अधिक विधायकों के दिल्ली पहुंचने के सवाल पर टीएस सिंहदेव ने कहा, वहां पहुंचे 80-90 प्रतिशत लोगों की राय एक ही है जो हाइकमान का फैसला होगा स्वीकार होगा। मुझसे पूछिएगा तो मेरी भी राय यही है कि जो हाइकमान तय करेगा। हमारे विधायकों की भी यही राय है कि हाइकमान जो कहेगा वह हम सबको मंजूर होगा। अभी तक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कभी भी ढाई-ढाई साल के सीएम की बात को लेकर ऐसी बात नहीं कही है। राहुल गांधी से दो दौर की चर्चा के बाद भी मुख्यमंत्री यही कहते रहे कि विकास योजनाओं पर चर्चा हुई है।
कल रायपुर पहुंचे थे टीएस सिंहदेव
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव कल रात आठ बजे दिल्ली से रायपुर लौटे। हवाई अड्डे पर प्रेस से चर्चा में उन्होंने कहा था, हाईकमान से यहां के मुद्दों पर खुलकर बात हुई है। पूरे मन से हाईकमान से चर्चा करके उनकी राय और मंशा जानी। पूरी बात हाईकमान से हो चुकी है अंतिम निर्णय हाईकमान के पास सुरक्षित है। सिंहदेव ने कहा, कुछ बातें रहती हैं जिनके लिए समय लगता है। हाईकमान ने बातों का संज्ञान लिया है जल्द ही कुछ निर्णय होगा। मुख्यमंत्री बनने की संभावना पर पूछे गए प्रश्न पर सिंहदेव ने कहा, अगर कोई चीज स्थायी है तो वह परिवर्तन है।
डेढ़ सप्ताह से दिल्ली में थे सिंहदेव
टीएस सिंहदेव पिछले डेढ़ सप्ताह से दिल्ली में हैं। 24 अगस्त को राहुल गांधी से मुलाकात के बाद भी वे वहीं जमे हुए थे। उनको संकेत मिले थे कि सोनिया गांधी के साथ बैठक का बुलावा कभी भी आ सकता है। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सिंहदेव ने बताया, 25 अगस्त को वे लौट रहे थे, लेकिन पीएल पुनिया के कहने पर रुक गए। उस दिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रायपुर लौटे और उनके समर्थकों ने हवाई अड्डे पर शक्ति प्रदर्शन किया। उसके बाद अचानक कांग्रेस का राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। आनन-फानन में विधायकों को रायपुर बुलाया गया। गुरुवार को विधायकों को दिल्ली रवाना किया गया। शुक्रवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खुद दिल्ली पहुंच गए।







.jpeg)












