मुख्यमंत्री की पत्रकारवार्ता पर भाजपा का पलटवार कोई बहाना नही चलेगा, वादे के मुताबिक 2500 रुपए में धान खरीदना ही पड़ेगा,याद दिलाई गंगाजल की कसम -श्रीचंद सुंदरानी
रायपुर। धान खरीदी के लिए 13 नवम्बर को दिल्ली में कांग्रेस पार्टी के प्रदर्शन पर भाजपा प्रवक्ता श्रीचंद सुंदरानी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने वादों से मुकरते दिख रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने गंगा जल की कसम खाकर कहा था कि कांग्रेस पार्टी घोषणा पत्र के एक-एक वादे को पूरा करेगी लेकिन लगातार धान खरीदी पर कांग्रेस सरकार की पैतरेबाजी शक को जन्म दे रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि 2500 रु. क्विंटल धान का समर्थन मूल्य कहकर वोट बटोरने वाली पार्टी पर गोलमोल बात कर रही है। कांग्रेस सरकार को अपने वादे के मुताबिक धान खरीदना पड़ेगा। पहले तारीख बढ़ाते हैं फिर दिल्ली जाने की बात करते हैं जनता को गुमराह करने की कोशिश में भूपेश बघेल व मंत्रीमंडल लगा हुआ यह उचित नहीं है। कांग्रेस पार्टी को उनके वादों से पीछे नहीं हटने देंगे चाहे कांग्रेसी जो प्रपंच रच लें।
सुंदरानी ने कहा कि लोकतंत्र लोकलाज से चलता है। राजनेताओं से कम से कम न्यूनतम शिष्टता और सच्चाई की उम्मीद तो की ही जानी चाहिये। उन्होंने कहा कि एक बार में बीस-बीस हज़ार करोड़ का ऋण प्रदेश के माथे पर थोप कर अपनी पीठ थपथपा लेना कितना आसान होता लेकिन अगर जऱा भी नैतिकता होती सरकार में तो पहले वह जनता से झूठ बोलने के लिए बिना शर्त माफ़ी माँगती और तब आगे कोई बात करती। सुंदरानी ने कहा कि अपना घोषणा पत्र जारी करते समय पत्रकारों के सामने लाइव प्रसारण में तब के कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से प्रायोजित सवाल पूछवाया गया था कि ऋण माफ़ी समेत इस सारे वादों की पूर्ति के लिये पैसा कहां से आएगा? जिसका जवाब देते हुए तब प्रदेश कांग्रेस की तरफ़ से हिसाब देकर बताया गया था कि सारे पैसे वह कहां से लाने वाली है। अब समूचे प्रदेश को ऋण के कुचक्र में पूरी तरह उलझा कर बड़ी बड़ी बातें करना कांग्रेस को शोभा नही देता। सुंदरानी ने आश्चर्य जताया कि अपने प्रदेश का काम ढंग से कर पाने में असमर्थ सीएम वैश्विक अर्थव्यवस्था और मंदी आदि पर अपना आधा-अधूरा ज्ञान उड़ेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन चलाना केवल बड़बोलापन से सम्भव नही होता। और न ही पूर्व मुख्यमंत्री पर कीचड़ उछालते रहने से कोई हित इनका सधने वाला है। सुंदरानी ने पूछा कि कल पूर्व सीएम डा. रमन सिंह ने सही कहा था की अपने कार्यकाल में एक किलोमीटर तक रोड नही बनाने वाले लोग अकर्मण्यता को छिपाने इधर उधर की बात कर रहे केवल। उन्होंने कहा कि वादे कांग्रेस ने किए थे, और पूरे उसे ही हर हाल में करने होंगे। मोदी जी के काम की चिंता करने की इन्हें ज़रूरत नही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अगर आंदोलन करना ही है तो भूपेश बघेल की सरकार के ख़िलाफ़ करे।







.jpeg)












