त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए नामांकन दाखिले की प्रक्रिया जारी, जाने पूरी खबर
रायपुर । प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया का दौर जारी है। नामांकन दाखिले का आज तीसरा दिन है। नववर्ष की आज पहली तारीख है इसलिए आज ज्यादा से ज्यादा अभ्यर्थियों के नामांकन दाखिल करने की संभावना है।
त्रिस्तरीय पंचायत आम चुनाव में प्रदेश के सभी 27 जिलों में जनपद के 146, जिला पंचायत सदस्य के 400, जनपद पंचायत सदस्य के 2979, सरपंच के 11664 एवं पंच के 160725 पदों के लिए चुनाव होगा। चुनाव 03 चरणों में 28 व 31 जनवरी तथा 03 फरवरी 2020 को होगा। चुनाव के लिए प्रदेश में कुल 29525 मतदान केन्द्र बनाए जाएंगे, वहीं चुनाव में लगभग 01 करोड़ 44 लाख 68 हजार 763 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 95 लाख 54 हजार 252 पुरूष मतदाता, 72 लाख 69 हजार 274 महिला मतदाता एवं 151 अन्य मतदाता है।
पंचायत चुनाव के लिए अधिसूचना 30 दिसंबर को जारी की थी। इसी दिन से नामांकन दाखिले की प्रक्रिया भी शुरू हो गइ थी। आज नामांकन दाखिले का तीसरा दिन है, वहीं अंतिम तारीख 06 जनवरी है। चूंकि आज नये साल की पहली तारीख है। इसलिए आज के दिन पिछले दो दिनों की तुलना में ज्यादा अभ्यर्थियों द्वारा नामांकन दाखिला किया जा सकता है। हालांकि इसकी जानकारी राज्य निर्वाचन आयोग से देर शाम तक मिल पायेगी।
ज्ञात हो कि पंचायत चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच 07 जनवरी को होगी, जबकि अभ्यर्थियों के नाम वापस लेने की तिथि 09 जनवरी निर्धारित की गई है। वहीं 09 जनवरी को चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची तैयार कर चुनाव प्रतीकों का आबंटन किया जाएगा, वहीं मतगणना व परिणाम की घोषणा मतदान वाले दिन ही मतदान संपन्न होने के बाद होगा।







.jpeg)












