बड़ी खबर : होटल, रेस्तरां और बार में जाने के लिए अब कोरोना वैक्सीन की दोनों खुराक लेना हुआ जरुरी, मुख्यमंत्री ने जारी की नई गाइडलाइन
तिरुवनंतपुरम | केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने शनिवार को कहा कि होटल, रेस्तरां और बार में केवल उन लोगों के लिए भोजन करने की अनुमति होगी, जिन्हें कोरोना वायरस वैक्सीन की दोनों खुराक लगाई जा चुकी है. इतना ही नहीं, उनके कर्मचारियों और कामगारों को भी पूरी तरह से टीका लगा होना चाहिए. हालांकि ये प्रतिबंध 18 वर्ष से कम आयु वालों पर लागू नहीं होंगे क्योंकि वे वर्तमान में टीकाकरण के लिए पात्र नहीं हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये स्थान 50 प्रतिशत बैठने की क्षमता के साथ संचालित हो सकते हैं, लेकिन एयर-कंडीशनिंग की अनुमति नहीं होगी और वेंटिलेशन के लिए खिड़कियां और दरवाजे खुले रहने चाहिए. इसके अलावा, उन लोगों के लिए इनडोर स्टेडियम और स्विमिंग पूल खोलने की अनुमति दी गई है, जिन्हें कोरोना वायरस के टीके की दोहरी खुराक मिली है.
केरल में वैक्सीन के योग्य आबादी के 91 प्रतिशत को कोरोना वायरस टीके की पहली खुराक दी जा चुकी है. केरल सरकार ने अपने उस पुराने आदेश को भी वापस ले लिया है, जिसमें लोगों को आवाजाही के लिए आरटी-पीसीआर नकारात्मक प्रमाण पत्र दिखाना या फिर टीके की कम से कम एक खुराक लेना जरूरी किया गया था.
मार्च 2020 से बंद होने के बाद, केरल सरकार ने पिछले हफ्ते 1 नवंबर से स्कूलों को फिर से खोलने का फैसला किया है. सरकार ने 24 सितंबर को राज्य में स्कूलों को फिर से खोलने के लिए दिशानिर्देश का मसौदा जारी किया था, जिसमें केवल दो छात्रों को एक बेंच पर बैठने की अनुमति देना और बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन खत्म करना शामिल है.







.jpeg)












