PM मोदी ने राज्य सरकारों के कार्यों को सराहा, बोले- अब आर्थिक गतिविधियां बढ़ानी होगी
नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने, लॉकडाउन से चरणबद्ध तरीके से बाहर निकलने और आर्थिक गतिविधियां तेज करने के उपायों पर आज मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये चर्चा की. इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य सरकारों की तारीफ की.
उन्होंने कहा, ''कोरोना वायरस महामारी से निपटने में भारत की सफलता को वैश्विक मान्यता मिली है. भारत सरकार इस संबंध में सभी राज्य सरकारों द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना करती है.'' पीएम मोदी ने कहा कि हमें यह भी सुनिश्चित करना होगा कि ग्रामीण भारत इस संकट से मुक्त रहे.
उन्होंने कहा, ''धीरे-धीरे देश के कई हिस्सों में आर्थिक गतिविधियां शुरू हो गई हैं. आने वाले दिनों में ये काम और तेजी से होगा. हमें COVID-19 के खिलाफ लड़ाई में अब और अधिक ध्यान केंद्रित करने की जरूरत है.''
पीएम मोदी ने कहा कि आगे के रास्ते और सामने आने वाली चुनौतियों को लेकर संतुलित रणनीति बनानी होगी और लागू करनी होगी.
कोरोना संकट के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की यह पांच बार मुख्यमंत्रियों के साथ बातचीत रही. मुख्यमंत्रियों से संवाद के दौरान प्रधानमंत्री के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन भी मौजूद रहे







.jpeg)












