बैंक लूटने की योजना बना रहे गिरोह को पुलिस ने धर-दबोचा, हथियार-कारतूस और वाहन बरामद
बिहार के औरंगाबाद व गया जिले की पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है , पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आमस स्थित पंजाब नेशनल बैंक में लूटपाट की योजना बना रहे आधा दर्जन अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने लुटेरों के पास से दो देसी कट्टा, दो पिस्टल व 16 जिंदा कारतूस, लूट की एक डीवीआर, एक बोलेरो गाड़ी, तीन मोटरसाइकिल और छह मोबाइल फोन बरामद किया है.
सलैया थाने की पुलिस को पिरवां गांव स्थित एक पंप हाउस पर अपराधियों के जमा होने की गुप्त सूचना मिली थी. जिसके बाद पुलिस अधीक्षक (एसपी) कान्तेश कुमार मिश्र के निर्देश पर एसडीपीओ गौतम शरण ओमी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया जिसमे सलैया, मदनपुर और रफीगंज थाने की भी पुलिस शामिल थी. पुलिस ने घेराबंदी करते हुए पंप हाउस पर छापामारी की तो वहां मौजूद अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग की और भागने का प्रयास किया. लेकिन पुलिस ने पीछा कर आधा दर्जन बदमाशों को धर दबोचा.
पुलिस ने इन अपराधियों के पास से हथियार, गोली तथा कई आपत्तिजनक सामान बरामद किया है. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार सभी अपराधी पेशेवर हैं और इन पर कई मामले दर्ज हैं.
एसपी कान्तेश मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के नाम अशोक यादव, आशीष कुमार, सुरेंद्र यादव, दिलीप शर्मा, राजेश कुमार यादव और कुमार हैं. उन्होंने बताया कि बिहार और झारखंड के अलग-अलग थानों में इनके खिलाफ लगभग डेढ़ दर्जन अपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है साथ ही इन पर दर्ज मामलों की भी तहकीकात कर रही है. उन्होंने इनके पकड़े जाने से कई अन्य मामलों का खुलासा होने की बात कही है. एसपी ने इन शातिर अपराधियों को धर दबोचने वाली पुलिस टीम में शामिल अधिकारियों और कर्मियों को पुरस्कार देने की घोषणा की है.







.jpeg)












