पुलिस ने किया चोर गिरोह का पर्दाफास, भारी मात्रा में अनाज चोरी का मामला था दर्ज, जाने पूरी खबर
कोरबा। शासकीय उचित मूल्य की बरपाली व पताढ़ी दुकान से भारी मात्रा में अनाज चोरी कर लिए जाने के मामले में पुलिस ने जशपुर के चोर गिरोह का पर्दाफास किया है। तीन आरोपितों को पत्थलगांव से गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसमें एक आरोपित चोरी का अनाज खरीदा करता था। गिरोह के 6 सदस्य अभी पुलिस पकड़ से बाहर हैं। पकड़े गए आरोपितों के खिलाफ रायगढ़ में भी चोरी के तीन मामले और पत्थलगांव में दो मामले दर्ज हैं। सीसी टीवी कैमरा से पुलिस को आरोपितों का सुराग लगा।
उरगा थाना अंतर्गत आने वाले गांव बरपाली में संचालित शासकीय उचित मूल्य की दुकान का ताला 20 दिसंबर की रात को तोड़कर दुकान में रखे 252 बोरी चावल, 41 बोरी शक्कर, 22 बोरी चना व इलेक्ट्रानिक तराजू की चोरी कर ली गई। घटना स्थल के पास मिले चक्कों के निशान से अंदाजा लगाया जा रहा था कि पिकअप वाहन का इस्तेमाल चोरों ने किया। मामले को पुलिस सुलझाने में लगी थी। इस बीच 4 जनवरी की रात को पताढ़ी स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान का ताला तोड़कर 200 बोरा चावल, 19 बोरा चना और 9 बोरा शक्कर चोरी कर ली गई। लगातार दो सोसाइटी को चोरों ने एक ही तरीके से निशाना बनाया। पुलिस को समझते देर नहीं लगी कि यह काम किसी संगठित गिरोह का है। जांच के लिए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मीणा ने एक विशेष टीम का गठन किया था। रायगढ़ में इस तरह की चोरी के मामले पहले भी दर्ज किए जा चुके थे। पुलिस ने तीन आरोपित मुकेश लहरे 21 गोढीकला पत्थलगांव अनिल बंजारा 21 करमीटिकरा पत्थलगांव धरमसाय नाग 60 चिमनीपाली बागबहरा जिला जशपुर को गिरफ्तार कर लिया है। धरमसाय चोरी का अनाज खरीदकर खपाया करता था। बताया जा रहा है कि गिरोह के 6 सदस्य पत्थलगांव निवासी सरदाम एवं संतोष माहेश्वरी अपने साथी मदन लहरे, अमन, श्याम विश्वकर्मा, अमर व मनोहर विश्वकर्मा अभी फरार हैं। पुलिस सभी की पतासाजी कर रही। आरोपितों के पास से 11 क्विंटल 50 किलो चावल, एक नग इलेक्ट्रानिक तराजू, घटना में प्रयुक्त दो पिकअप जप्त किया गया है।







.jpeg)












