सिंधु बॉर्डर पर पुलिस-किसानों के बीच भिड़ंत, प्रदर्शनकारियों पर दागे गए आंसू गैस के गोले
नई दिल्ली। किसानों का प्रदर्शन आज आक्रामक रुख अपना चुका है। सिंधु बॉर्डर पर पुलिस और किसानों के बीच भिड़ंत हुई, यहां पुलिस ने किसानों पर आंसू गैस के गोले दागे, लेकिन किसान पीछे नहीं हट रहे और दिल्ली जाने पर अड़ गए हैं। किसानों के प्रदर्शन के कारण कई मेट्रो स्टेशन के गेट्स को बंद कर दिया गया है। ग्रीन लाइन पर ब्रिगेडियर होशियार सिंह, बहादुरगढ़ सिटी, श्रीराम शर्मा, टिकरी बॉर्डर, टिकरी कलां, घेवरा स्टेशन के एंट्री और एग्जिट गेट को बंद कर दिया गया है। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने दिल्ली सरकार से 9 स्टेडियमों को अस्थायी जेलों में तब्दील करने की अनुमति मांगी है। पंजाब और हरियाणा से हजारों की संख्या में किसान दिल्ली की ओर बढ़ रहे हैं।
दिल्ली पुलिस ने आज सुबह सिंधु बॉर्डर पर कुछ किसानों से बात की। पुलिस ने किसानों को वापस जाने की अपील की और कोरोना नियमों का पालन करने को कहा। हालांकि, किसान दिल्ली जाने पर अड़ गए हैं और पुलिस की बात नहीं मान रहे। किसानों का कहना है कि हम दिल्ली जाकर रहेंगे चाहे कुछ भी हो जाए। सरकार हमारी बात नहीं सुन रही है और हम दिल्ली के रामलीला मैदान में ही जाकर रुकेंगे।
दिल्ली-बहादुरगढ़ हाईवे के पास टिकरी बॉर्डर पर भी इस समय काफी तनाव का माहौल है। पुलिस ने किसानों को दिल्ली में एंट्री करने से रोकने के लिए बैरिकेड के रूप में ट्रक खड़ा कर लगा रखा है। किसान इस ट्रक को हटाने के लिए ट्रैक्टर का इस्तेमाल कर रहे हैं।
वहीं, अंबाला के एसपी राजेश कालिया ने कहा, `हमने शंभू बॉर्डर को पूरी तरह से बंद रखा हुआ है, आज हमें जानकारी मिली है कि पंजाब से भारी मात्रा में किसान संगठन जो कल नहीं जा पाए थे वो आज यहां से जाने की कोशिश करेंगे। हम आज भी कोशिश करेंगे कि वो यहां से दिल्ली की ओर कूच ना कर सकें।`







.jpeg)












