BREAKING: लखनऊ के लिए रवाना हुए राहुल, साथ में हैं भूपेश व चन्नी...
नई दिल्ली। राहुल गांधी की फ्लाइट ने दिल्ली से उड़ान भर ली है। फ्लाइट से राहुल गांधी लखनऊ जा रहे हैं। उनके साथ पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल हैं। लखनऊ से राहुल लखीमपुर जाना चाहते हैं लेकिन प्रसाशन ने साफ कहा है कि उनको आगे जाने नहीं दिया जाएगा।
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने दिल्ली एयरपोर्ट पर चर्चा करते हुए कहा कि जब टीएमसी के पांच सांसद, भीम आर्मी के लोग लखीमपुर जा सकते हैं तो फिर कांग्रेस के नेताओं, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी को ही रोकने की बात क्यों की जा रही है।
फ्लाइट में चन्नी ने कहा कि जहां भी किसानों के साथ गलत होगा, राहुल गांधी वहां खड़े होंगे। वहीं कांग्रेस नेता सचिन पायलट के काफिले को यूपी में इंदिरापुरम में यूपी गेट पर रोक लिया गया है। वह सीतापुर जाकर प्रियंका गांधी से मिलना चाहते थे।
लखीमपुर खीरी में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत के बाद का विवाद अबतक शांत नहीं हुआ है। आज राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके यूपी और केंद्र सरकार पर हमला बोला। अब राहुल लखीमपुर के लिए निकल गए हैं।







.jpeg)












