500 अंकों से ज्यादा टूटा सेंसेक्स, निफ्टी में भी गिरावट
मुंबई : ग्लोबल मार्केट में बड़े पैमाने पर नकारात्मक रुख, विदेशी फंड की निरंतर निकासी के बीच भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। लाल निशान पर खुलने के कुछ देर के कारोबार में भी बीएसई का सेंसेक्स 500 अंक से ज्यादा टूट गया और 60 हजार के स्तर से नीचे कारोबार कर रहा है।
अभी तक के कारोबार के दौरान सेंसेक्स 600 अंक तक फिसल चुका है। इस बड़ी गिरावट के चलते निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। ताजा हाल की बात करें तो 30 शेयरों वाला बीएसई का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 539.42 अंक या 0.89 फीसदी की गिरावट के साथ 59,813.40 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह एनएसई का निफ्टी 173 अंक या 0.96 फीसदी गिरकर 17,844.50 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। टाटा स्टील के शेयरों में जोरदार बढ़त देखी जा रही है।
इससे पहले आज कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच शेयर बाजार कमजोरी के साथ खुला। कारोबार शुरू होते ही बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स में 200 अंकों की गिरावट देखी गई। जबकि एनएसई का निफ्टी बाजार शुरू होते ही अपने 18 हजार के स्तर के नीचे आ गया। शुरुआती कारोबार के आंकड़ों को देखें तो निफ्टी 82.70 अंक या 0.68 फीसदी की गिरावट के साथ 17,934.50 के स्तर पर खुला था और सेंसेक्स ने 267.38 अंक या 0.44 फीसदी की गिरावट के साथ 60,085 पर कारोबार शुरू किया था।
पिछले कारोबारी सत्र की बात करें तो बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स बुधवार को कारोबार की समाप्ति पर 80.63 अंक या 0.13 फीसदी की गिरावट के साथ 60,352.82 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं एनएसई का निफ्टी 27.05 अंक या 0.15 फीसदी टूटकर 18,017.20 के स्तर पर बंद हुआ था।







.jpeg)












