शर्मनाक घटना : थानाध्यक्ष ने थाने के अंदर 13 वर्षीया किशोरी के साथ किया बलात्कार...
ललितपुर : उत्तर प्रदेश के ललितपुर में एक बेहद ही शर्मनाक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां न्याय मिलने की उम्मीद से थाने पहुंची नाबालिग एक बार फिर बलात्कार का शिकार हो गई। इस शर्मनाक घटना को थाने में ही पदस्थ एसएचओ ने अंजाम दिया है। इसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया। साथ ही पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालियां निशान भी लग गए। प्रदेश में योगी सरकार महिला सुरक्षा की चाहे लाख दावा करें लेकिन हकीकत में यहां महिलाएं सुरक्षित नजर नहीं आ रही है।
हालांकि मामले के सामने आने के बाद आरोपी एसएचओ को निलंबित कर दिया गया है। मामले में थानाध्यक्ष समेत 6 लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी थानाध्यक्ष फरार है। 13 वर्षीया किशोरी ने आरोप लगाया है कि पहले 4 लोगों ने उसके साथ गैंगरेप किया और फिर जब वह अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंची तो थानाध्यक्ष ने थाने के अंदर उसके साथ बलात्कार किया।
बताया जा रहा है कि नाबालिग लड़की का 22 अप्रैल को चार युवकों ने अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। आरोपियों के चंगुल से छूटकर जब पीड़िता थाने में न्याय की गुहार लगाने पहुंची तो उसको न्याय देने की जगह उत्पीड़न का शिकार होना पड़ा। आरोप है कि वहां मौजूद थानाध्यक्ष तिलकधारी सरोज ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़ित ने अपनी आपबीती एसपी को सुनाई जिसके बाद कार्रवाई की जा रही है।
उधर ललितपुर पुलिस का कहना है कि उन्होंने मामले में एसएचओ और अन्य के खिलाफ बलात्कार और पॉक्सो एक्ट के तहत आरोप लगाए हैं। हालांकि, आरोपी पुलिस अधिकारी की गिरफ्तारी अभी बाकी है। ललितपुर के एसपी निखिल पाठक ने बताया कि हमने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और उससे पूछताछ कर रहे हैं। एसएचओ निलंबित है और वह एक अपराधी है। इसलिए हमने उसे गिरफ्तार करने के लिए टीमों का गठन किया है।







.jpeg)












