वॉट्सऐप के लिए जल्द शुरु होने वाली है खास सर्विस, ज़करबर्ग ने किया ऐलान
नई दिल्ली , वॉट्सऐप के पेमेंट सर्विस का काफी समय से जारी इंतज़ार अब जल्द ही खत्म हो सकता है। फेसबुक के सीईओ मार्क ज़करबर्ग ने कहा कि जल्द ही वॉट्सऐप पेमेंट सर्विस भारत में लॉन्च की जाएगी। एनालिस्ट्स से सवाल जवाब सेशन के दौरान उन्होंने ये बात कही। उन्होंने कहा कि फेसबुक भारत में सर्विस की टेस्टिंग कर रहा है और जल्दी ही एक इन-ऐप पेमेंट सर्विस लॉन्च की जाएगी। हालांकि, इसके लिए किसी समय सीमा की घोषणा नहीं की गई है। इस साल की शुरुआत में वॉट्सऐप के ग्लोबल हेड विल कैथकार्ट ने भारत में विजि़ट के दौरान भी इस बात को कन्फर्म किया था। वॉट्सऐप इस वक्त भारत में करीब 10 करोड़ यूज़र्स के साथ अपने इस पेमेंट सर्विस की टेस्टिंग कर रहा है। पूरी दुनिया में वॉट्सऐप के 1.5 बिलियन यूज़र्स हैं जिनमें से भारत में 40 करोड़ यूज़र्स हैं। इसके साथ ही भारत वॉट्सऐप के लिए सबसे बड़ी मार्केट है। बता दें कि वॉट्सऐप अभी बीटा मोड में है लेकिन डेटा प्रोसेसिंग को लेकर इसके ऊपर अभी भारत सरकार और रिज़र्व बैंक ऑफ इंडिया की ओर से स्क्रुटिनी चल रही है। सरकार का कहना है फाइनेंशियल डेटा को देश के भीतर ही स्टोर करना होगा और अगर यह देश के बाहर प्रोसेस किया जाता है तो 24 घंटे के अंदर इसे देश के भीतर लाना होगा। रेग्युलेटर्स ने वॉट्सऐप क्लॉज़ को लेकर चिंता व्यक्त की थी इसी वजह से पेमेंट सर्विस को भारत में लॉन्च करने में देरी हुई। भारत डिजिटल पेमेंट की बहुत बड़ी मार्केट है। नोटबंदी के बाद से भारत में डिजिटल पेमेंट काफी बढ़ा है। इन्वेस्टमेंट बैंकिंग फर्म क्रेडिट सुइस के मुताबिक साल 2023 तक भारत की मोबाइल पेमेंट मार्केट एक ट्रिलियन डॉलर हो जाएगी।







.jpeg)












