संसद से सीधे सड़क पर उतरे सुनील सोनी ने किया भाजपा प्रत्याशियों के लिए प्रचार
रायपुर। रायपुर सांसद सुनील सोनी जी ने संसद की कार्रवाई खत्म होने के पश्चात सीधे वार्डों में पहुंचकर रायपुर नगर निगम के भाजपा पार्षद प्रत्याशी टेशू साहू, धीमान सेन, सरोज साहू, विश्वदिनी पांडेय, सुशीला धीवर, प्रमोद साहू, सूर्यकांत राठौर, सुभाष अग्रवाल, तिलक भाई पटेल के पक्ष में आज विभिन्न वार्ड का दौरा कर जनता से इन्हें विजयी बनाने की अपील की।
उन्होंने शहर की जनता से वादा किया कि शहर को स्मार्ट सिटी के अनुरूप बनाने के लिए अधिक से अधिक बजट लेकर आएंगे। उन्होंने टैंकर मुक्त शहर के वादे को दोहराते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में 150 एमएलडी का फिल्टर प्लांट चालू हुआ था और पूरे शहर में राइजिंग लाइन के माध्यम से पानी सप्लाई होती थी। पुरानी बातें जनता को याद दिलाते हुए सांसद सुनील सोनी ने कहा कि कांग्रेस राज में एक समय था जब रायपुर में इतने टैंकर दौड़ते थे कि पानी के लिए मारपीट तक हो जाती थी और कितने ही लोग टैंकरों में दबकर मर गए थे।
उन्होंने अपने कार्यकाल में पेयजल की समस्या से निपटने के लिए 27 टंकियां बनवाई और लगभग 113 करोड़ की राशि निगम के खाते में छोड़ कर गए थे। उस राशि का सही उपयोग होता तो 2011 तक शहर पेयजल की समस्या से मुक्त हो जाता। परंतु कांग्रेस के महापौरों ने किसी प्रकार का कोई कार्य नहीं किया जिसके कारण आज भी शहर की जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। उन्होंने सभी वार्डों में भाजपा, उम्मीदवारों को भारी मतों से जीताने की अपील की।







.jpeg)












