एयरपोर्ट के पास अपहरण की खबरों का तालिबान ने किया खंडन, कही ये बाते
काबुल/नई दिल्ली: तालिबान के कब्जे के बाद अफगानिस्तान की हालत बेहद खराब होती जा रही है। यहां पर तालिबान की सत्ता आते ही क्रूरता का दौर शुरू है। तालिबान लड़ाके एक के बाद एक हिंसक वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इसी बीच खबर आ रही है कि काबुल एयरपोर्ट पर पहुंचे 150 भारतीयों को तालिबान ने अगवा कर लिया है। अफगान मीडिया के हवाले से खबर है कि काबुल में हामिद करजई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास से 150 से अधिक लोगों को तालिबानी अपने साथ ले गए हैं। हालांकि, तालिबान ने अगवा करने की घटना से इनकार किया है।
सुरक्षित तरीके से लोगों को एयरपोर्ट के अंदर पहुंचाया : तालिबान
इससे पहले तालिबान ने लोगों के अपहरण करने की घटना से इनकार किया था। तालिबान के प्रवक्ता अहमदुल्ला वसीक ने कहा यह खबर पूरी तरह से बेबुनियाद और निराधार है। अहमदुल्ला वसीक ने बताया कि तालिबान ने सुरक्षित तरीके से दूसरे गेट से लोगों को एयरपोर्ट के अंदर पहुंचाया है।
सूत्रों के मुताबिक, भारतीयों के दस्तावेज जांचने के लिए तालिबान इन लोगों को अपने साथ ले गया था। जांच पूरी होने के बाद सभी लोगों को हवाई अड्डे के लिए रवाना कर दिया गया। वहीं, भारत सरकार के सूत्रों का कहना है कि काबुल में सभी भारतीय सुरक्षित हैं। उन्हें जांच के बाद खाना खिलाकर हवाई अड्डे रवाना कर दिया गया है।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के अध्यक्ष मनजिंदर एस सिरसा ने कहा कि अफगानिस्तान में गुरुद्वारा परिसर में मौजूद करीब 300 सिख सुरक्षित हैं। उनके साथ अपहरण जैसी कोई घटना नहीं हुई है। यह पूरी तरह से अफवाह है।
दूसरे गेट से हवाई अड्डे पर ले जाने की बात कहकर लोगों को ले गए तालिबानी
सूत्र के मुताबिक, अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद बड़ी संख्या में लोग देश छोड़ना चाह रहे हैं। देश छोड़ने के लिए लोग काबुल एयरपोर्ट पहुंच रहे हैं। इसी दौरान तालिबानी विद्रोहियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि तालिबान ने लोगों से कहा कि उन्हें दूसरे गेट से हवाई अड्डे पर ले जाया जा रहा है, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें हवाई अड्डे के अंदर ले जाया गया है या फिर किसी दूसरी जगह।







.jpeg)












